महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 अगस्त। नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने अपने समर्थकों के साथ शुक्रवार को विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर आदिवासी समाज द्वारा शहर में निकाली गई रैली का नगर पालिका कार्यालय के समक्ष पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया।
इस दौरान नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग रैली में सामाजिक वेशभूषा में पारंपरिक नृत्य कर रहीं सामजिक युवतियों के साथ भी नृत्य करती हुई नजर आर्इं। पालिकाध्यक्ष ने रैली के स्वागत पश्चात सभी समाजजनों को विश्व आदिवासी दिवस पर्व की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि छग राज्य आदिवासी बाहुल्य राज्य हैं, जो एक तरह से छग की पहचान और प्रदेश के लिए आन-बान शान भी है। स्वागत में नपाध्यक्ष श्रीमती महिलांग के साथ सभापति बबलू हरपाल, ममता बग्गा, टीकेश्वरी, पूर्व पार्षद कपिल साहू, माया पांडेय, राखी ठाकुर, समाजजनों में पूर्व जिलाध्यक्ष मोहित ध्रुव, डमरूधर मांझी, शिव सोरी,जयलाल ध्रुव, खेमराज ध्रुव, बाबूलाल ध्रुव, रूपकुमारी ध्रुव, त्रिलोकी राधेश्याम ध्रुव,तारा ध्रुव, डेजीरानी नेताम, दुष्यंत ध्रुव, मनराखन ठाकुर, सहदेव ध्रुव, सृष्टि ध्रुव, सावित्री ध्रुुव समेत बड़ी संख्या में समाज के महिला.पुरूष मौजूद थे।