महासमुन्द
जगह-जगह कांवरियों की सेेवा के लिए पंडाल में जलपान की व्यवस्था
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11अगस्त। सावन के चौथे सोमवार को सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव को जल चढ़ाने कांवरियों का हुजूम उमड़ रहा है। रात भर कांवरियों का जत्था सडक़ों पर यात्रा करता रहा। महासमुंद में जगह-जगह कांवरियों की सेेवा के लिए पंडाल में जलपान आदि की व्यवस्था की गई थी। कई स्थानों पर उनके मंनोरंजन के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। महासमुंद के गौरव पथ और मुख्य मार्ग पर लोगों के पांव धरने की जगह भी नहीं थी। कांवरियों की भीड़ के कारण कंट्रोल रूम के सामने सडक़ पर यातायात रूट को डायवर्ट कर दिया था। कांवरिये पैदल के अलावा पालकी वाहन में चढक़र गंधेश्वर महादेव को जल चढ़ाने निकले हुए थे। चूंकि कांवरिये बोल बम का उच्चारण करते यात्रा करते हैं। इसलिए इसे बोलचाल की भाषा में बोलबम कांवर यात्रा का नाम दिया गया है।
मालूम हो कि महासमुंद के बम्हनी स्थित श्वेत गंगा का जल कांवर में लेकर कांवरिये सिरपुर गंधेश्वर महादेव को जल चढ़ाने जाते हैं। हर साल इस रूट पर सावन सोमवार को मेले जैसा माहौल रहता है। इस साल भी जलाभिषेक के लिए कांवरियों से श्वेत गंगा बम्हनेश्वर महादेव से लेकर सिरपुर तक माहौल शिवमय हो गया है। कल सोमवार की सुबह हजारों की संख्या में पहुंचे कांवरि गंधेश्वर महादेव को जल अर्पण करेंगे।
कांवरिए कल शनिवार दोपहर से कांवर में जल लेकर पैदल सिरपुर के लिए रवाना हो गए हैं। शनिवार को बम्हनी श्वेत गंगा कांवर में जल भरने के बाद वे 45 किमी की सिरपुर यात्रा के लिए रवाना हुए हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से अंदाजा लगाया जा रहा है कि कल सोमवार को 10 हजार से अधिक कांवरिए सिरपुर के गंधेश्वर महादेव में जलाभिषेक करेंगे।
बोलबम यात्रा में पहुंचने वाले कांवरियों के लिए बरोंडाबाजार, मचेवा, गाड़ाघाट,तुमगांव, कौंदकेरा, कोसमनाला, मालीडीह, गुररूडीह, लाहंगर, सिरपुर आदि जगहों पर जलपान की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा शहर में करीब 10 से अधिक जगहों पर जलपान व रामायण के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई थी।
महासमुंद से पश्चिम दिशा में नौ किमी दूरी पर बम्हनी ग्राम में श्वेत गंगा कुंड है। यहां से हमेशा प्रवाहित होते रहने वाला जल लेकर कांवरिए जलाभिषेक करते हैं। मान्यता है कि यहां की जलधारा गंगा के स्त्रोत से मिली हुई है, जिसकी प्रवाह कभी खत्म नहीं होती। यही कारण है कि इसे श्वेत गंगा भी कहा जाता है। इस बार शिवभक्तों में एक अलग ही जोश और उत्साह है। महाकाल की सवारी और महाकाल की टीम की वेशभूषा में लोग झूमते नाचते भगवान भोलेनाथ की जयकारों के साथ नृत्य करते नजर आए। इस बार कांवड़ यात्रा में मुख्य आकर्षण पालकी रही। ट्रैक्टर अथवा छोटे हाथी जैैसे वाहनों को पालकी का आकार देकर कांवरिये यात्रा कर रहे हैं। भगवा रंग के परिधान में पैदल कांवरिये खूबसूरत और सजे हुए कांवरों में पानी लेकर बगैर जूता चप्पल पैदल चल रहे थे। इनमें बहुत सी महिलाएं भी शामिल हैं।
अगले सोमवार को लेकर संभावना व्यक्त की जा रही है कि उस दिन कांवरियों की संख्या और बढ़ सकती है। आखिरी सोमवार को पन्नूरयुक्त जल से गंधेश्वरनाथ का जलाभिषेक किए जाने की खबर है। कांवरियों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या न हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। वहीं कांवरियों के आने.जाने के दौरान भी उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस जवानों की ड्यूटी लगी हुई है। बम्हनी से सिरपुर तक लगभग 10 पेट्रोलिंग वाहन घूम रहे हैं।