महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 अगस्त। जिले के सांकरा थाने में महज पांच हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन घर से ले जाने की बात पर हुई विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि विवाद बढऩे के दौरान धक्का-मुक्की, मारपीट में 45 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। सांकरा पुलिस ने कल रात ही मामले की रिपोर्ट दर्ज कर हत्या का मामला दर्ज किया है। इस मामले में आरोपी युवक फरार है। पुलिस आरोपी युवक की गिरफ्तारी करने में लगी हुई है।
सांकरा पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 अगस्त 2024 को कुर्माडीह निवासी वशिष्ठ बर्गे अपने फूफा के घर सांकरा आया हुआ था। रात में खाना खाने के बाद सुबह 8 अगस्त को सोकर उठते ही अपने ससुराल लाटा दादर चला गया। सुबह वशिष्ठ बर्गे के फुफेरा भाई अलेख विशाल ने अपनी मोबाइल को जहां रखा था, वहां देखा। मोबाइल फोन नहीं था। बाद में घर में रखा 5हजार रुपए भी गायब मिला। तब घर के लोगों को शक हुई की रात में सोया हुआ उसका फुफेरा भाई वशिष्ट बर्गे के मोबाइल फोन और 5 हजार रुपए नगद को ले गया है।
पता चला कि पास के समीप ग्राम लाटादादर ्अपने ससुराल में वशिष्ठ वर्गे गया हुआ है। वहां जाकर लेख ने पूछा कि मेरा मोबाइल फोन और 5000 नगद को तू ही लेकर आ गया है। चल घर, घर वाले बुला रहे हैं। घर आने के बाद आरोपी अलेख विशाल एवं वशिष्ठ बर्गे के बीच इसी बात को लेकर वाद-विवाद हुआ और हाथापाई में बदल गया। इसी दौरान धक्का-मुक्की से वशिष्ठ बर्गे जमीन पर गिर पड़ा और सिर में चोट लगने से बेहोश हो गया।
वशिष्ठ बर्गे के बेहोश हो जाने पर लेख विशाल ने 112 को फोन कर घटना की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही 112 पुलिस एंबुलेंस घटना स्थल पहुंची। वहां से वशिष्ठ वर्ग को लेकर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा पहुंची। जांच के बाद डॉक्टर ने वशिष्ठ बर्गे को मृत घोषित कर दिया।
। पंचनामा कार्रवाई के बाद सांकरा पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के सिर में गहरी चोट लगने के निशान पाये गये हैं। बाद में परिजनों के रिपोर्ट के आधार पर सांकरा पुलिस ने बीएनएस 103,3,5 हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।