महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 अगस्त। बारिश का सीजन शुरू होने के साथ ही जिले के राशन दुकानों में ई-पॉस मशीन में नमी आने के कारण राशन वितरण में परेशानी आ रही है। यह स्थिति बीते 20 दिनों से बनी हुई है। वहीं सर्वर डाउन के कारण राशन वितरण में घंटों समय लग रहा है। इसके चलते हितग्राहियों को दिनभर इंतजार करना पड़ रहा है।
गुरुवार की सुबह 10 से शाम 5.30 बजे केवल 75 हितग्राहियों का राशन दे पाए। इसी तरह बरोंडा बाजार, मचेवा, बम्हनी, चिंगरौंद,भुरका, परसकोल, लाफिनकला समेत अन्य गांवों में सर्वर के कारण समय पर हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पा रहा है। इसको लेकर हितग्राही परेशान हैं। कल आधे घंटे तक सर्वर डाउन होने के कारण हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया। दोपहर लंच के बाद फिर से वितरण शुरू किया गया।
इस संबंध में सहायक खाद्य अधिकारी संजय शर्मा ने कहा कि बारिश का मौसम शुरू होते ही ई.पॉस मशीन में दिक्कतें आ रही है। जिन जगहों से शिकायत मिल रही है, वहां के ई.पॉस मशीन को सुधार कराया जा रहा है। जिले में 45 मशीनों में खराबी आई थी। इनमें से 15 को सुधार करा दिया गया है। जल्द ही सभी मशीनों को सुधार कराकर भेजा जाएगा। ताकि समय पर राशन वितरण किया जा सके।
खाद्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में 593 राशन दुकानें संचालित हो रही है। इनमें से 45 गांवों के ई-पॉस मशीन खराब हो गए हैं। वर्तमान में केवल 15 मशीन ही बन पाई है। अभी भी 30 मशीन नहीं बन पाई है। इसके चलते इन गांवों में राशन में वितरण नहीं हो पाया है।
राशन दुकानों में फिंगर प्रिंट लेने वाले ई-पॉस मशीन में दिक्कतों के कारण राशन वितरण का काम प्रभावित होने लगा है। इसके चलते राशन देने में अधिक समय लग रहा है। साथ ही जिले के 120 से अधिक जगहों में सर्वर डाउन की वजह से वितरण कार्य बाधित होने लगा है। कल सुबह 11 बजे ग्राम पंचायत लाफिनखुर्द में राशन दुकानों के बाहर राशन लेने लोगों की कतार लगी रही। धूप बढ़ी तो लोग थैले व प्लास्टिक को बोरी को दुकान के बाहर क्रमवार रखे भवन के नीचे चले गए।
यहां के सेल्समैन नीलम साहू के मुताबिक बीते 1 सप्ताह से सर्वर डाउन के कारण समय पर राशन वितरण नहीं कर पा रहे हैं। सामान्य दिनों में दिनभर में 120 हितग्राहियों को राशन वितरण हो जाता है। लेकिन जब से सर्वर डाउन की समस्या शुरु हुई है। बहुत समय लग रहा है। नीलम की मानें तो एक हितग्राही को राशन देने में 5 मिनट का समय लगता है। सर्वर नहीं होने के कारण लेट होने से 12 मिनट का समय लग रहा है। जिससे भीड़ लग जाती है। कोसरंगी राशन दुकान के सेल्समैन टिकेश साहू कहते हैं कि ई.पॉस मशीन का मदरबोर्ड और चार्जिंग पाइंट 1 सप्ताह से खराब था। जिसे बनवाने दिया था। इसके चलते 500 राशन कार्डधारियों को राशन नहीं मिल पाया है।