महासमुन्द
मैदान सुधारने खिलाड़ी भीख मांगने की तैयारी
रथयात्रा के समय विरोध के बावजूद लगा था मीना बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 9 अगस्त। नगर के शहीद भगत सिंह खेल मैदान में खिलाडिय़ों के विरोध के बावजूद मीना बाजार हेतु दिए गए खेल मैदान अब गड्ढों एवं कीचड़ से सराबोर हो गया है। मैदान देखकर होनहार खिलाड़ी खेल के समय में बगैर खेले ही सिस्टम को कोसते वापस लौटने मजबूर हंै। शुक्रवार दोपहर 2 बजे समाचार लिखे जाने तक मैदान सुधारने नवोदित खिलाड़ी भीख मांगने की तैयारी में थे।
ज्ञात हो कि खेल मैदान के बदहाल होने की आशंका को देखते हुए ही कुछ खिलाड़ी आंदोलित हुए थे, कुछ ने उच्च न्यायालय में याचिका भी लगाई थी। स्थानीय खेल मैदान में लगे मीना बाजार के यहां से जाने के कोई पखवाड़े भर बाद भी मैदान बड़े-बड़े गड्ढों एवं कचरे भरे कीचड़ से सराबोर है। इसी मैदान के लिए कोई डेढ़ माह पूर्व रथयात्रा के अवसर पर मीना बाजार लगाया गया था। आज मैदान जिस तरह से पूरी तरह खराब हो चुका है। इसी आशंका के कारण ही खेल संघ के पदाधिकारियों एवम खि़लाडिय़ा ने मीना बाजार का जोरदार विरोध किया था। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक की अनुशंसा पर मैदान मीना बाजार के हवाले कर दिया गया था।
युवा प्रशिक्षु खिलाडिय़ों के प्रशिक्षक राजेश चौधरी एवं भाजपा के कुछ नेता खेल मैदान की बजाय कहीं और मीना बाजार लगाने पर जोर लगा रहे थे, परन्तु खिलाडिय़ों की आवाज को दरकिनार कर मैदान मीना बाजार को दे दिया गया था। अब मीना बाजार को उखड़े पखवाड़े भर से अधिक का समय हो चुका है। अब तक मैदान बराबर कर खासकर फुटबॉल खिलाडिय़ों के लिए मैदान उपलब्ध कराया जाना था, परन्तु मैदान पूरी तरह अस्त व्यस्त गड्ढों एवं कीचड़ से सराबोर होने के कारण खिलाड़ी इसे बनवाना चाहते है लेकिन इसे बनवाने होने वाले भारी खर्च के कारण मैदान जस का तस पड़ा है।
शहीद भगत सिंह खेल मैदान की मीना बाजार संचालको द्वारा की गई दुर्दशा के कारण प्रैक्टिस से वंचित किशोर खिलाड़ी नगर में भिक्षा मांग कर धन संग्रह करेंगे और उस धन से मैदान सुधरवा कर अपना खेल पुन: प्रारंभ करने का प्रयास करेंगे। खिलाडिय़ों के इस निर्णय में युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाडिय़ों में हर्ष पटेल, प्रज्ञान प्रधान, अरमान खलखो, अनुज सिंह , मोहन यादव, पुष्पेंद्र चौधरी एवम प्रशिक्षक राजेश चौधरी सहित दर्जनों खिलाड़ी शामिल हैं।