महासमुन्द

हटाये जा रहे सडक़ों पर बैठे आवारा पशु
08-Aug-2024 3:41 PM
हटाये जा रहे सडक़ों पर बैठे आवारा पशु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 8 अगस्त। जिले के बसना, सरायपाली, बागबाहरा, महासमुंद सहित सभी नगरी निकायों में कलेक्टर के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई संबंधित सीएमओ के नेतृत्व में की जा रही है।

महासमुंद के नवपदस्थ कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने पदभार सम्हालते ही सडक़ पर बैठे आवारा पशुओं को हटाने के निर्देश दिए थे। कल उन्होंने समय सीमा की बैठक में भी उक्त निर्देश का कड़ाई से पालन करने को कहा। जिसका असर दिखाई दे रहा है। पशु मलिकों कों भी समझाइश दी जा रही है और आवारा पशुओं को मुख्य सडक़ से हटाया जा रहा है। साथ ही कॉजी हॉउस में रखने की तैयारी भी की जा रही है।

कलेक्टर ने कल समय सीमा की बैठक में कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और सडक़ों पर मवेशियों के जमवाड़ा को रोकने के लिए ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय स्तर पर जिम्मेदारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले ग्राम पंचायतों के द्वारा नामजद ड्यूटी लगाकर पेट्रोलिंग की जाएगी साथ ही नगरी निकाय में भी नामजद ड्यूटी लगा कर पेट्रोलिंग की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि मवेशियों के सडक़ में रहने के कारण दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। माननीय हाई कोर्ट के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत और नगरीय निकायों की जिम्मेदारी तय की गयी है। इसे गंभीरता से लेते हुए पेट्रोलिंग सुनिश्चित करें। सडक़ों पर घूम रहे मवेशियों पर रेडियम पट्टी लगाया जाए। उनके मालिकों को भी संज्ञान में लेकर उनसे जानकारी ली जाए और ऐसे मामले में जनप्रतिनिधियों की भी सहभागिता सुनिश्चित हो। लिहाजा सडक़ों पर बैठे पशुओं को हटाने की कारवाई नगरीय निकायों ने प्रारंभ कर दी है।


अन्य पोस्ट