महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अगस्त। महासमुंद जिले की सिंघोड़ा थाना पुलिस ने 7 किलो गांजा के साथ 2 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की कीमत एक लाख पांच हजार रुपए आंकी गई है। यहां बताना जरूरी है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस जवानों के आंख में मिर्च पाउडर डाल कर भाग रहे थे।
मामला यह है कि 6 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिलने पर सिंघोड़ा पुलिस टीम ने एन एच 53 रोड ग्राम रेहटीखोल में जाकर नाकाबंदी किया। कुछ समय बाद मुखबिर के बताये हुलिया का एक लाल काला रंग की मोटर साइकिल आई। उक्त मोटर साइकिल को रोकने की कोशिश पुलिस ने की। लेकिन मोटर साइकिल के चालक ने तेज गति से भागने की कोशिश की। पुलिस की टीम ने उसका पीछा किया तो पुलिस जवानों पर आरोपियों ने मिर्ची का पावडर छिंटकर हमला किया। अंतत: घेराबंदी में पकड़ा गया।
उक्त मोटर सायकल में दो व्यक्ति सवार थे। नाम पता पूछने पर चालक ने अपना नाम सुब्रतो बिस्वास अमीरगंज, जिला कटनी मप्र, तथा सुमेश सिंह चौहान पडुवा जिला जिला कटनी मप्र बताया।
मोटर सायकल के पीछे रखे बैग की तलाशी ली गई। जिसे खोल कर देखने पर गांजा मिला। आरोपियों के कब्जे से कुल 07 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा कीमती 1 लाख 5000 रुपए, एक मोटर सायकल कीमती 50 हजार, एक नग मोबाइल जुमला कीमती 1 लाख, 55 हजार रुपए बरामद कर आरोपियों के विरूद्ध अपराध धारा 20ख, एनडीपीएस के तहत थाना सिंघोंडा में कार्रवाई की गई।