महासमुन्द
कहा-कुछ कंपनियों को फ ायदा पहुंचाने के लिए तुगलकी फरमान जारी किया गया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 अगस्त। महासमुंद जिले में ट्रक मालिकों ने भारत सरकार के फैसले के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ट्रक मालिक कुल 5 कंपनियों का व्हीकल लोकेशन डिवाइस वीएलडी लगाने के आदेश का विरोध करते हुए कल कलेक्टोरेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है।
ट्रांसपोर्टरों ने कहा है कि पहले से बहुत से ट्रकों में जीपीएस सिस्टम लगे हुए हैं। अब भारत सरकार ने कुछ कंपनियों को फ ायदा पहुंचाने के लिए तुगलकी फरमान जारी किया है। केंद्र सरकार के आदेश पर छत्तीसगढ़ के अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डीण् रविशंकर ने 31 जुलाई 2024 को आदेश जारी किया था। जिसका ट्रांसपोर्टरों ने विरोध करना शुरू कर दिया है। जिसमें ट्रकों में वीएलडी और पैनिक बटन लगाना अनिवार्य किया गया है।
महासमुंद जिले के ट्रांसपोर्टर कल बुधवार को कलेक्टर से मुलाकात करने पहुंचे थे। उनकी गैरमौजूदगी में डिप्टी कलेक्टर ट्रांसपोर्टरों से मिलने पहुंचे।
ट्रांसपोर्टर बादल मक्कड़, जसबीर मक्कड़, गुरनाम सिंह, गणेश देवांगन आदि ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि सर्वाधिक ट्रांसपोर्टरों ने अपने ट्रकों में साढ़े 4 हजार खर्च कर जीपीएस सिस्टम लगाया है। सरकार अब फिर से एक नया आदेश जारी करके ट्रांसपोर्टरों को परेशान करने में लगी है। ट्रांसपोर्टरों का कहना है कि साल 2018 जिस 5 कंपनियों के जीपीएस सिस्टम लगाने का आदेश जारी किया था, तभी से सभी ने इसका पालन जारी रखा है।
उसके बावजूद अब दोबारा नया सिस्टम लगाने के आदेश हैं जो पूरी तरह गलत है। इस पर रोक नहीं लगाई गई तो चक्काजाम किया जाएगा और सभी ट्रकों को आरटीओ ऑफिस में खड़ी कर दी जाएगी।