महासमुन्द

सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक करने कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी
06-Aug-2024 3:28 PM
सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक करने कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी

महासमुंद, 6 अगस्त। सावन के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक करने कांवरियों की भीड़ उमड़ पड़ी। बम्हनी स्थित श्वेत गंगा कुंड से जल लेकर हजारों की संख्या में कांवर यात्री सिरपुर पहुंचे। कांवर यात्रा में नगर समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष व बच्चे शामिल हुए। सिरपुर पहुंचने वाले कांवर यात्रियों के लिए बोल बम सेवा समिति परिसर में भोजन प्रसादी की व्यवस्था जिला पंचायत सदस्य अमर अरुण चंद्राकर द्वारा की गई।

भंडारे में साढ़े छ: क्विंटल चावल से भोजन बनाने में जलकी के सेवाभावी सदस्यों ने देर रात तक भोजन बनाया। वहीं सब्जी व दाल बनाने में सुंदर साहू, दीपक सोनी, दीपक साहू, संजय पांडेय की टीम दोपहर से देर रात तक डटी रही। समिति अध्यक्ष थनवार यादव ने बताया कि करीब 5 हजार से अधिक कांवर यात्रियों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

रविवार 11 अगस्त को पटेवा के जोगिंदर प्रदीप सिंह, लक्ष्मण पटेल द्वारा भंडारे की व्यवस्था रखी गई है। सिरपुर जलाभिषेक करने पहुंचने वाले कांवरिए शनिवार की दोपहर से चलकर रविवार को पहुंचते हैं और रात्रि विश्राम उपरांत सोमवार को महादेव का जलाभिषेक करते हैं।

 कांवर रखने की व्यवस्था यज्ञशाला में लोक निर्माण विभाग द्वारा की गई है। अभी दो सावन सोमवार शेष है और इसमें कांवर यात्रियों की संख्या बढऩे का अनुमान है। इसे देखते हुए समिति ने कांवर स्टैंड व्यवस्था भी बढ़ाने का अनुरोध किया है।

सहस्त्र जलधारा अभिषेक 9 को

       बोल बम समिति सिरपुर महासमुंद,जलकी द्वारा प्रतिवर्ष की जाने वाली सहस्त्र जलधारा अभिषेक 9 अगस्त को किया जाएगा। महानदी तट से मंदिर परिसर तक मानव श्रृंखला बनाकर यह आयोजन किया जाता है। जिसमें श्रद्धालु महानदी से मानव श्रृंखला के माध्यम से जल पहुंचाते हैं और इससे भगवान भोलेनाथ का सहस्त्र जलधारा अभिषेक किया जाता है। इसकी तैयारी समिति द्वारा की जा रही है। इसी तरह चित्रोत्पला गंगा आरती का आयोजन 11 अगस्त को शाम 6.30 बजे होगा। मंदिर पुजारी के अनुसार भ्रमण के लिए बाबा गंधेश्वर नाथ की सवारी पालकी यात्रा 18 अगस्त को अभिषेक उपरांत निकलेगा जो सिरपुर भ्रमण के बाद वापस मंदिर पहुंचेगा।


अन्य पोस्ट