महासमुन्द
नपं अध्यक्ष ने की पुन: उसी स्थान पर बसाने की मांग, अन्यथा आंदोलन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 अगस्त। नगर पंचायत अध्यक्ष बसना द्वारा भाजपा छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नवीन को पत्र प्रेषित कर व्यवस्थापन की प्रक्रिया के तहत हटाये गए 31 परिवारों को पुन: उसी जगह स्थापित करने की मांग की गई है। उन्होंने मुख्य नगरपालिका अधिकारी बसना द्वारा की गई इस कार्रवाई को द्वेष पूर्ण एवं पार्टी की छवि को खराब करने वाली कार्रवाई बताया तथा उक्त अधिकारी के स्थानांतरण की मांग भी की। साथ ही उनके द्वारा अन्य कुछ स्थानों पर अतिक्रमण की बात कहते हुए वहां से अतिशीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर उपरोक्त 31 परिवारों के साथ अतिशीघ्र नगर के मुख्य चौराहे पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।
नगर पंचायत अध्यक्ष ने 5 स्थानों पर किये गए अतिक्रमण जिसमें वार्ड क्रमांक 4 परीडबरी तालाब में एक गोदाम व शौचालय, वार्ड क्रमांक 6 जूना तालाब में सार्वजनिक शौचालय, वार्ड क्रमांक 11 ठाकुरदिया तालाब के ऊपर शराब भ_ी निर्माण, इसी वार्ड में फोकट पारा तालाब में डबरी पार के ऊपर 5 शटर दुकान निर्माण एवं वार्ड क्रमांक 12 तालाब में मंदिर समिति द्वारा धर्मशाला व शौचालय निर्माण का हवाला देते हुए वहां से अतिशीघ्र अतिक्रमण नहीं हटाये जाने पर उनके द्वारा 31 परिवारों के साथ जल्द ही शहर के शहीद वीर नारायण सिंह चौक पर धरना प्रदर्शन करने की बात कही है।
बसना नगर पंचायत अध्यक्ष गजेन्द्र साहू ने भाजपा प्रभारी छ ग को दिये पत्र में उल्लेख किया है कि-मैं वर्तमान में भाजपा से बसना के नगर पंचायत अध्यक्ष हूं और इसके पूर्व कई बार पार्षद भी रह चुका हूं। विगत दिनों मुख्य नगरपालिका अधिकारी बसना ने मनमाने ढंग से एनटीजी का गलत हवाला देते हुए 3 दिन के प्रथम नोटिस पर 31 परिवारों को बेघर एवं रोजी.रोटी से वंचित कर दिया है। जिससे ये परिवार इस मानसून के समय में अत्यधिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। अत: उन परिवारों को पुन: उसी स्थान पर स्थापित की जाए।
साथ ही उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि नगर पंचायत क्षेत्र में अन्य 5 ऐसे तालाब हैं, जिनमें स्वयं नगर पंचायत बसना द्वारा एनटीजी का उल्लंघन करते हुए शराब भ_ी, शौचालय, आंगनबाड़ी ब एवं दुकानों का निर्माण किया गया है। जबकि उक्त 31 मकान व दुकान जो तालाब से अलग दूसरे खसरा नं पर 125-2 पर स्थित है, जो किसी भी प्रकार से तालाब के अंदर अतिक्रमण में नहीं आता है। श्री साहू ने कहा कि द्वेषपूर्ण भावना के कारण उन परिवारों को नुकसान पहुंचाया गया है। उक्त परिस्थितियों का हवाला देते हुए श्री साहू ने इस घटना के बाद बसना में शांति व्यवस्था बनाये रखने और पार्टी हित को ध्यान में रखते हुए सीएमओ श्री सिदार का स्थानांतरण करने की मांग भी की है।