महासमुन्द

गरियाबंद से पहुंचा दंतैल, गांवों में अलर्ट
03-Aug-2024 2:32 PM
गरियाबंद से पहुंचा दंतैल, गांवों में अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 3 अगस्त। पिछले पखवाड़े भर से क्षेत्र में हाथियों की आमद से गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। बलौदाबाजार क्षेत्र से तीन हाथियों का दल सिरपुर क्षेत्र से विचरण करते हुए गौरखेड़ा, दलदली, बोरियाझर, जीवतरा क्षेत्र में विचरण करते हुए गरियाबंद जिले में चला गया है। वही गरियाबंद जिले से एक दंतैल जीवतरा, बकमा के आसपास विचरण कर रहा है। जिसके कारण गांव में अलर्ट जारी किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार गरियाबंद जिले से दंतैल हाथी एमई 31 कोना से निकलकर केशवा, बारियाझर मार्ग से वापस होकर जीवतरा और बकमा के जंगल में विचरण कर रहा है। वर्तमान में उक्त दंतैल का लोकेशन कक्ष क्रमांक 78-79 बताया गया है। वन विभाग ने ग्राम जीवतरा, धनसुली, कोना, बकमा, बोरियाझर और कोसरंगी के आसपास के गांवों में अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि वे जंगल की ओर न जाएं। इसी तरह गरियाबंद जिले के ग्राम नाचनबाय, मंदबाय, बम्हनदेही, गुंडरदेही आदि में भी अलर्ट जारी किया है। साथ ही निवेदन किया है कि हाथी दिखने परवन कर्मियों को तत्काल सूचना दें। इसके अलावा पिछले पखवाड़े भर से सिरपुर बस्ती में भालू पहुंच रहा है। हालाकि अभी तक किसी को कोई नुकसान नही पहुंचाया है। सिरपुर में टाईगर ट्रेकिंग टीम तैनात है और वह भालू आने पर खदेडऩे में जुटा है।

गंधेश्वर मंदिर के पुजारी अमन गिरि ने बताया कि लगातार तीन दिनों तक रात्रि में भालू मंदिर परिसर पहुंचता है और घंटे भर विचरण कर चंडी मंदिर होते हुए लक्ष्मण देवालय की ओर चला जाता है।

गुरूवार को जलाभिषेक करने काफी संख्या में पिथौरा क्षेत्र के कांवरयात्री पहुंचे थे इस वजह से भालू दूर रहा किंतु सूने स्थलों में पहुंचने की जानकारी मिली है। वन विभाग को चाहिए कि भालू को सिरपुर बस्ती से दूर रखने का उपाय करें। क्योंकि शनिवार, रविवार और सोमवार को हजारों की संख्या में दर्शनार्थी और कांवर यात्री सिरपुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करते है।


अन्य पोस्ट