महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2अगस्त। महासमुंद जिले के सेमलिया गांव में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टला। स्कूली विद्यार्थियों से भरी एक वैन रास्ते से अचानक पलटकर खेत में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी छात्र को चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, जिले कि कुटेला क्षेत्र स्थित सेंट विसेंट पलोटी स्कूल के दस-बारह छात्र-छात्राएं गाड़ी में सवार थे। वाहन सभी विद्यार्थियों को स्कूल लेकर जा रही थी। इसी दौरान सरायपाली के सेमलिया गांव में वाहन अनियंत्रित हो गई और सडक़ से उतर कर खेत में जा पलटी।
घटना की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों से मुलाकात कर यह सुनिश्चित किया कि सभी स्टूडेंट्स सही सलामत हैं या नहीं। इस घटना में विद्यार्थियों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन यह राहत की बात रही कि किसी भी विद्यार्थी को चोंट नहीं पहुंची है और सभी सुरक्षित रूप से वाहन से बाहर निकले।