महासमुन्द

नींबू से संतान उत्पत्ति वाले आश्रम को जिला प्रशासन ने कराया बंद
02-Aug-2024 2:16 PM
नींबू से संतान उत्पत्ति वाले आश्रम को जिला प्रशासन ने कराया बंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 अगस्त।
महासमुंद जिले के बुटीपाली में नींबू से संतान उत्पत्ति वाले कथित आश्रम को जिला प्रशासन की टीम ने बंद करा दिया है।
आश्रम बंद होने के बाद भी बाबा का यह दावा है कि उनके ऊपर ठाकुर देव विराज होते हैं। वह उसे जंगल की एक गुफा में ले गए थे। वहां 7 दिनों तक बाबा आराधना में लीन रहे। वहां से लौटे तो झाड़-फूंक करने लगे। लोगों की बीमारियां ठीक होने लगी तो और लोग भी दूर-दूर से पहुंचने लगे। बाबा का कहना है कि पूरे छत्तीसगढ़ के साथ ही उनके पास ओडिशा, झारखंड और कश्मीर तक से लोग इलाज के लिए आते हैं।

उनका अब भी दावा है कि दवा लेने के बाद महिलाएं सोनोग्राफी भी करा सकती हैं और टीका भी लगा सकती है। इसमें उनके गर्भधारण की पुष्टि हो जाएगी, लेकिन उन्हें यहां से पहले अनुमति लेना जरूरी है। अगर अनुमति नहीं लेंगी तो सोनोग्राफी में भी कुछ पता नहीं चलेगा।  बाबा का यह भी दावा है कि प्रेग्नेंसी में भी महिला के मासिक धर्म  बंद नहीं होंगे। यह भी दावा करते हैं कि 2-4 माह के बच्चे को भी भगवान राम, हनुमान और बूढ़ी देवी ही उन्हें इलाज के लिए दवाई लाकर देते हैं। ये दवाई कहां से लाते हैं, उन्हें भी इसका पता नहीं है। जब कोई बच्चे के लिए महिला पहुंचती है, तो उसके साथ पुरुष का होना जरूरी है। वह किसी भी महिला को अकेले नहीं बुलाते हैं।

बाबा का कहना है कि भगवान राम, हनुमान और बूढ़ी देवी ही उन्हें इलाज के लिए दवाई लाकर देते हैं। ये दवाई कहां से लाते हैं, उन्हें भी इसका पता नहीं है। जब कोई बच्चे के लिए महिला पहुंचती है, तो उसके साथ पुरुष का होना जरूरी है। वह किसी भी महिला को अकेले नहीं बुलाते हैं।

प्रसाद के रूप में जमीन पर प्रसाद (नींबू और मदार का फूल) रखते हैं। बाबा पूरा नींबू चाटने के लिए कहते हैं और मदार का फूल खिलाते हैं। साथ ही मदार का फूल देते भी हैं। हालांकि यह सारी प्रक्रिया सिर्फ महिला के लिए होती है। पुरुषों को ऐसा कोई प्रसाद नहीं दिया जाता है।

बाबा मूल रूप से बुटीपाली गांव के ही रहने वाले हैं। वहीं जन्म हुआ और 5वीं तक पढ़ाई की। बाबा का कहना है कि इसके बाद पढ़ नहीं सका। पढऩे में मन नहीं लगा। फिर देवी का चमत्कार हो गया। फिलहाल वह अपने घर में ही दरबार लगाते हैं। हालांकि सबसे ज्यादा भीड़ शारदीय नवरात्रि में इलाज कराने वालों की जुटती है। बाबा झाड़-फूंक करने के साथ ही प्रसाद से उपचार का दावा करते रहे हैं।

ज्ञात हो कि बाबा के इस दरबार को लेकर अंध श्रद्धा निर्मूलन समिति ने जिला प्रशासन से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि बाबा संतान के नाम पर लोगों में भ्रम फैला रहा है। गुमराह कर अंध विश्वास को बढ़ावा दे रहा है। इसके बाद मंगलवार को प्रशासन की टीम गांव पहुंची थी।

टीम में भंवरपुर नायब तहसीलदार अर्पणकुर्रे, बीएमओ नारायण साहू के अलावा राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस के जवान थे। टीम ने बाबा पीतांबर जगत का बयान लिया। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचे थे। उनके साथ ही गांव के लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। नायब तहसीलदार अर्पण कुर्रे ने बताया कि बाबा पीताम्बर जगत गांव में लंबे समय से निसंतान महिलाओं का झाड़-फूंक से इलाज कर रहा था। फिलहाल दरबार को बंद करा दिया गया है। अभी जांच होने तक किसी तरह का दरबार नहीं लगाया जाएगा। वहीं लोगों को अंधविश्वास में भरोसा नहीं करने की बात समझाई जा रही है।


अन्य पोस्ट