महासमुन्द

रामलला दर्शन के लिए तीसरे चरण में 38 श्रद्धालुओं का दल रवाना
31-Jul-2024 7:34 PM
रामलला दर्शन के लिए तीसरे चरण में 38 श्रद्धालुओं का दल रवाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 जुलाई। कलेक्टर प्रभात मलिक के मार्गदर्शन में रामलला दर्शन के तीसरे चरण में महासमुंद जिले से 38 श्रद्धालुओं का चयन किया गया। कल सुबह जनपद पंचायत परिसर महासमुंद से 38 तीर्थ यात्रियों का दल रामलला दर्शन अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। चयनित तीर्थ यात्रियों को महासमुंद से रायपुर बस से रवाना किया गया। जिन्हें रायपुर रेलवे स्टेशन से स्पेशल ट्रेन द्वारा रामलला दर्शन अयोध्या धाम की यात्रा के लिए ले जाया जाएगा।

मालूम हो कि राज्य शासन द्वारा राज्य के राम भक्तों के लिए नि:शुल्क अयोध्या धाम में श्रीराम के दर्शन हेतु श्री रामलला दर्शन योजना की शुरुआत की गई है और सभी श्रद्धालुओं को ट्रेन के माध्यम से प्रत्येक जिलों से चयन कर उन्हें रामलला के दर्शन हेतु ले जाया जा रहा है। इस तरह की योजनाएं न केवल धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाती हैं, बल्कि उन्हें उन स्थलों का अनुभव करने का मौका भी देती हैं, जिन्हें वे सामान्यत: आर्थिक कारणों से नहीं देख पाते। 

इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने झंडी दिखाकर 38 दर्शनार्थियों की बस रवाना किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने राम भक्तों के यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। इस अवसर पर संदीप दीवान पूर्व सांसद प्रतिनिधि, पवन पटेल पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष, रमेश साहू, देवीचंद राठी पार्षद, मंगेश टांकसाले, मुन्ना साहू, अनुज पाण्डे मौजूद थे।

श्रद्धालुओं ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया और बताया कि इस योजना से हम लोगों का श्रीराम के दर्शन करने का सपना पूरा हो रहा है। मालूम हो कि श्री रामलला दर्शन योजना के तहत् श्रद्धालुओं को पूरा पैकेज मिलेगा जिसमें छत्तीसगढ़ से अयोध्या जाने, वहां ठहरने, मंदिर दर्शन, नाश्ते और खाने की भी व्यवस्था रहेगी। इस ट्रेन में टूर एक्सपर्ट, सुरक्षा कर्मी और चिकित्सकों का दल भी मौजूद रहेगा।


अन्य पोस्ट