महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जुलाई। जिले के कोमाखान में स्कूटी सवार एक महिला से 4.50 लाख रुपए कीमती जेवर और 3.50 हजार रुपए नकदी लूट के अपराध के लिये प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने विष्णु डड़सेना 20 वर्ष तथा गनपत डड़सेना 27 वर्ष दोनों निवासी वार्ड 13 मौहाभांठा, थाना नुआपारा ओडि़शा को 3-3 वर्ष कठोर कारावास तथा 10.10 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई है। इस प्रकरण में कुछ आरोपी फरार हैं।
अभियोजन के मुताबिक प्रार्थिया ममता सोनी ने कोमाखान थाना में मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह लुकुपाली कोमाखान की रहने वाली है। नर्रा चौक कोमाखान के पास ओम साई ज्वेलर्स के नाम से उनकी सोने चांदी की दुकान है। रोजाना दुकान बंद करने के बाद वह पति के साथ सोने-चांदी के जेवर लेकर घर जाते थे। 13 फरवरी 2023 को उसके पति बाहर गये हुए थे। इसलिये वह अपनी पुत्री के साथ शाम 6 बजे दुकान बंद कर कपड़े के बैग में सोने-चांदी के जेवर लेकर स्कूटी से पुत्री तारिणी के साथ घर लुकुपाली जा रही थी। रिपोर्ट में उसने बताया कि रेलवे फाटक बंद होने से 15-20 मिनट उन्हें रुकना पड़ा।
फाटक खुलने के बाद आगे बढ़े तो डिपो के पीछे माल धक्का जाने वाली रोड़ पर करीब 6.30 बजे दो अज्ञात व्यक्ति आये और उसकी आंख में मिर्ची पाउडर छिडक़ा और लूट के वारदात को अंजाम दिया।