महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जुलाई। सडक़ की मांग को लेकर कल ग्राम बम्बुरडीह के ग्रामीणों ने कीचड़ युक्त रास्ते पर धान रोपाई कर अनोखा प्रदर्शन किया तथा शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षण किया। मांग पर सुनवाई होते नहीं देख सरपंच ने बच्चों के साथ कीचड़ युक्त सडक़ पर धान की रोपाई कर मुख्यमंत्री, लोक निर्माण मंत्री व प्रशासन से पक्की रोड़ की फरियाद की है।
जानकारी लगते ही जनपद सीईओ शीघ्र सडक़ बनवाने की बात कह रहे हैं। बताया जाता है कि जिले के ग्राम बम्बूरडीह में आजादी के बाद से आज तक पक्की सडक़ नहीं बन पाई है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। गांव में किसी की तबीयत खराब हो जाए तो एम्बुलेंस बहुत मुश्किल से पहुंच पाती है। खराब सडक़ के कारण बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी होती है। यहां के ग्रामीण वर्षों से जनदर्शन सहित अन्य दिनों में प्रशासनिक अफसरों को आवेदन देते थक चुके हैं।
पिछले दिनों यहां के सरपंच ने सडक़ की मांग करने दिल्ली की सडक़ पर लुुढक़ते हुए मंत्री का ध्यान अकर्षित किया था। कल सडक़ के कीचड़ में धान रोपाई कर अफसरों का ध्यानाकर्षण करने की कोशिश हुई है।