महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 31 जुलाई। क्षेत्र की प्रसिद्ध देवधारा से गंधेश्वर महादेव तक निकलने वाली कांवड़ यात्रा का जगह-जगह भारी स्वागत किया गया। देवधारा से निकलने के बाद रास्ते भर श्रद्धालुओं द्वारा चाय नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था रखी गयी है।
प्रतिवर्ष की तरह: इस वर्ष भी देवधारा से सिरपुर तक पैदल चल कर गंधेश्वर महादेव में जल अर्पित करने हजारों की संख्या में श्रद्धालु पैदल निकल पड़े है। श्रद्धालु विभिन्न वेशभूषा में कुछ कांवर तो कुछ पीठ में पानी लेकर निकले है। बोलबम के नारे के साथ चलने वाले भक्तों में इस बार महिलाओं की काफी संख्या दिखाई दी। बोलबम समिति पिथौरा के अध्यक्ष आकाश अग्रवाल की देखरेख में उक्त आयोजन किया जा रहा है। बुधवार की रात पटेवा में रात्रि विश्राम कर कल रात कांवरिये सिरपुर में विश्राम करेंगे। इसके बाद गुरुवार को महादेव में जल अर्पित कर समिति द्वारा व्यवस्था की गई वाहनों में वापस लौटेंगे। समिति अध्यक्ष आकाश अग्रवाल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष आत्माराम यादव भी कावडिय़ों की सेवा में लगातार जुटे है।