महासमुन्द
सोमवार को गंधेश्वर महादेव का सैकड़ों कांवरियों ने जलाभिषेक किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जुलाई। सावन के दूसरे सोमवार को सिरपुर स्थित गंधेश्वर महादेव का सैकड़ों कांवरियों ने जलाभिषेक किया। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों से दर्शन करने श्रद्धालु भी पहुंचे थे।
सुबह 5 बजे मंगला आरती के बाद कांवरियों और दर्शनार्थियों के लिए गंधेश्वर मंदिर का पट खोल दिया गया। तब से देर शाम तक दर्शनार्थी पहुंचते रहे। क्षेत्र की प्रसिद्ध कांवर यात्रा बम्हनी से सिरपुर के लिए 40 किलोमीटर नंगे पांव चलकर करीब 500 से अधिक कांवरियों ने गंधेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया। ये सभी कांवरिये शनिवार से जल लेकर रविवार को सिरपुर पहुंचे थे। सिरपुर में रात्रि विश्राम के बाद सुबह कांवरियों ने गंधेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।
बोल बम सेवा आयोजन समिति के अध्यक्ष थनवार यादव, दीपक सोनी, दीपक साहू व संजय पांडेय ने बताया कि सिरपुर में कांवर यात्रियों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था महासमुंद के सुंदर साहू परिवार की ओर से की गई थी। इसी तरह 4 अगस्त रविवार को सिरपुर में कांवरियों के लिए भोजन की व्यवस्था मालीडीह के अमर अरुण चंद्राकर द्वारा तथा 11 अगस्त को भोजन भंडारे की व्यवस्था पटेवा के जोगिंदर प्रदीप सिंह व लक्ष्मण पटेल द्वारा की गई है।
कार्यक्रम अनुसार गंधेश्वर महादेव के नीचे घाट पर चित्रोत्पला गंगा आरती का आयोजन 11 अगस्त को किया जाएगा। जानकारी देते हुए मंदिर ट्रस्ट कमेटी के दाउलाल चंद्राकर, मंगलुराम ढीमर, सुखीराम हिरवानी, मोहन वर्मा ने बताया कि महासमुंद के नगर पुरोहित पं.पंकज तिवारी के मार्गदर्शन में गंगा आरती होगा। जिसके मुख्य जजमान पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकार होंगे। आरती संध्या 6 बजे शुरू होगी। गंगा आरती का यह तीसरा वर्ष है। उल्लेखनीय है कि इस दिन हजारों की संख्या में कांवरिया जलाभिषेक करने पहुंचेंगे, वहीं दर्शनार्थियों की भी खास उपस्थित रहेगी।
अंतिम दिन 18 अगस्त रविवार को भोजन प्रसादी महासमुंद के महामाया ग्रुप द्वारा रखी गई है। जलाभिषेक करने पहुंचने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए पूजन सामग्री, जलपान व अन्य दुकानें सजने लगी है। मंदिर से लेकर बस स्टैंड व यज्ञशाला तक दुकान लग रही है। दुकानदारों का कहना है कि वे प्रतिवर्ष यहां दुकान लगाने आते हैं। सावन माह में अन्य दिनों की अपेक्षा शनिवार, रविवार और सोमवार को दर्शनार्थियों की भीड़ अधिक रहने के कारण ग्राहकी ठीक रहती है।