महासमुन्द
ग्रामीणों के चंदे से दिल्ली पहुंचे, कहा-जब तक मुलाकात नहीं होगी, यहीं रहूंगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जुलाई। महासमुंद जिले के गांव बंबूरडीह-रामागांव का नाम राजस्व विभाग के रिकॉड में नहीं है। लिहाजा यहां न तो विकास कार्य हो पाते हैं और न ही इस गांव को सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। यहां तक शादी योग्य युुवक-युवतियों की शादी नहीं तय हो पा रही है। कोई भी सज्जन इस गांव में समधियाना रखना नहीं चाहता। यहां के सरपंच इससे काफी आहत हुए और उन्होंने अपने ग्राम पंचायत में सडक़ बनवाने के लिए दिल्ली तक दौड़ लगा दी।
दिल्ली तक पहुंचने के लिए गांव के लोगों ने 5 हजार रुपए चंदा एकत्र किया। वे दिल्ली पहुंचकर सरपंच सडक़ पर लुढक़ते हुए जाकर केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडक़री के आवास तक पहुंच गए। हालांकि मंत्री से उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। आगे की खबर का समाचार लिखते तक जानकारी नहीं मिल पाई है।
मामला महासमुंद के ग्राम पंचायत बंबूरडीह का है। इस पंचायत में दो गांव आते हैं रामागांव और बंबूरडीह। रामागांव बंबूरडीह पंचायत का आश्रित गांव है। यहां के सरपंच शत्रुघ्न चेलक का कहना है कि पास के ही रामाडबरी से बावनकेरा गांव तक 2 किमी कच्ची सडक़ है। सडक़ नहीं होने के कारण बंबूरडीह गांव के लडक़े-लड़कियों की शादी नहीं हो पा रही है। कोई इस गांव में बारात लाने और बेटी भेजने को तैयार नहीं है। अफसरों ने नहीं सुना तो केंद्रीय मंत्री के पास पहुंचे हैं।
गांव वाले भी बताते हैं कि बबूरडीह गांव में बारिश के समय सडक़ पर कीचड़ ही कीचड़ हो जाता है। जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मरीजों को इमरजेंसी में चारपाई के जरिए अस्पताल ले जाना पड़ता है। बच्चे और शिक्षक स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं। इस सडक़ पर लगातार हादसे भी हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पक्की सडक़ बनाने के लिए साल 2023 में 2 करोड़ 53 लाख 71 हजार रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी। बावजूद अब तक टेंडर की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। जिसके चलते सडक़ निर्माण नहीं हो पाया है। ग्राम पंचायत बंबूरडीह का आश्रित ग्राम रामाडबरी में करीब 800 की आबादी है।
सरपंच चेलक अपनी पत्नी के साथ 17 जुलाई को दिल्ली के लिए निकले थे। जब वहां किसी भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात नहीं हो पाई, तो 21 जुलाई को उन्होंने दिल्ली में प्रदर्शन भी किया। उनका कहना है कि आश्रित ग्राम रामाडबरी का नाम भी न तो राजस्व रिकॉर्ड में है, न भारत सरकार के नक्शे में है, और न ही गूगल में है।
सरपंच का कहना है कि हमारे गांव का नाम राजस्व विभाग के रिकॉड में नहीं होने से सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिल पा रहा है। इसलिए गांव का नाम राजस्व विभाग में जोड़ा जाए। सडक़ का निर्माण कराए जाए। उसका कहना है कि केंद्रीय मंत्री को सडक़ बनवाते हुए न्यूज में देखता था, इसलिए उसी उम्मीद से आया हूं। जब तक मुलाकात नहीं होगी, यहीं रहूंगा। बहरहाल सरपंच शत्रुघ्न चेलक दिल्ली में मंत्रियों से मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं।

