महासमुन्द

भाजपा राज में मजदूरों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ-विनोद चंद्राकर
21-Jul-2024 2:38 PM
भाजपा राज में मजदूरों को नहीं मिल रहा योजनाओं का लाभ-विनोद चंद्राकर

 5 महीनों से महासमुंद के जिला श्रम विभाग में निरीक्षक नहीं, 20 हजार मजदूरों के आवेदन पेंडिंग 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,21जुलाई।
पिछले 5 महीनों से महासमुंद के जिला श्रम विभाग में निरीक्षक नहीं होने से श्रमिकों को मिलने वाली कई योजनाओं का  क्रियान्वयन नहीं हो पा रहा है। श्रमिक पंजीयन से लेकर मजदूर कार्ड बनाने तथा त्रुटि सुधार कार्य के हजारों आवेदन पेंडिंग पड़े हैं। गरीब मजदूर परिवार की महिलाओं को महतारी जतन योजना, बेटियों को नोनी जतन योजना, मजदूरों के बच्चों को छात्रवृत्ति योजना, टूलकिट योजना, सिलाई मशीन योजना सहित दर्जनों प्रकार के योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि श्रम विभाग में 3 श्रम निरीक्षक का पद स्वीकृत हैं जो महासमुंद सहित जिले के सभी तहसीलों का कार्य संपादित करते थे। वर्तमान में 3 में से 2 लेवर इंस्पेटर का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया गया है। लगभग 4 महीने पूर्व दोनों लेवर इंस्पेक्टरश्रम निरीक्षक को अन्यत्र भेजे जाने के बाद केवल एक श्रम निरीक्षक पर संपूर्ण जिले का भार डाल दिया गया है। जिससे आवेदनों के पेंडेंसी बढ़ती गई है। स्थानांतरित  निरीक्षकों के बदले नई नियुक्ति नहीं होने से मजदूर पंजीयन से लेकर त्रुटि सुधार तथा योजनाओं के लाभ हेतु लाभार्थी मजदूरों के लगभग 20 हजार से अधिक आवेदन श्रम विभाग में पेंडिंग पड़े हैं। 

श्रम निरीक्षक श्री मंडावी, श्री ठाकुर तथा श्री चंद्राकर तीनों में से ठाकुर व मंडावी का स्थानांतरण हो चुका है। इसमें केवल धनेंद्र चंद्राकर ही वर्तमान में जिले का काम देख रहे हैं। लेकिन वे भी काफी लंबे समय से छुट्टी पर होने से पूरे जिले में श्रम विभाग का कार्य ठप पड़ा है। ऐसी भी जानकारी मिली है कि रायपुर मुख्य आयुक्त कार्यालय से एक सहायक आयुक्त को जिले का प्रभार दिया गया है, लेकिन उन्होंने आज तक प्रभार  नहीं लिया है। जिसके चलते मजदूरों से संबंधित सारे कार्य ठप पड़े हैं। 

पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवन लाल चंद्राकर का इस मामले में कहना है कि महज छह माह के  कार्यकाल में ही डबल इंजन सरकार का इंजन हांफने लगा है। सरकारी विभागों की स्थिति बदहाल है। सरकारी तंत्र पर साय सरकार का नियंत्रण पूरी तरह कमजोर पड़ गई है। श्री चंद्राकर ने कहा कि भाजपा राज में सरकारी विभागों की बदहाली आज किसी से छुपी नहीं है। वर्तमान में जिला श्रम विभाग का काम धाम भगवान भरोसे चल रहा है।

श्री चंद्राकर ने भाजपा के साय सरकार को कोसते हुए कहा कि गरीब मजदूरों के हितों से ट्रबल इंजन सरकार को कोई सरोकार नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकारी विभागों के कार्यों में जो कसावट लाई थी, अफसर, कर्मचारियों को सख्त निर्देश देकर तथा दलालों को हटाकर जनता के मन में सरकार के प्रति जो विश्वास जगाया था, वह व्यवस्था भाजपा सरकार आते ही डगमगा गई। जनता का विश्वास सरकार पर से खत्म हो गया है। आज हर शासकीय दफ्तर में केवल घूसखोरी, कमीशन खोरी, भ्रष्टाचार तथा लूट मची है। सरकार के इस रवैए से छत्तीसगढ़ की जनता अक्रोशित व उद्वेलित हैं।
 


अन्य पोस्ट