महासमुन्द
कोडार बांध में मात्र 25 फीसदी पानी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जुलाई। इस बार आषाढ़ में जिले के पूरे 102 जलाशयों की स्थिति दयनीय है। सबसे बड़े कोडार बांध में पिछले साल की तुलना में मात्र 25 फीसदी ही पानी भर पाया। यही स्थिति 92 बांधों की है।
जल संसाधन विभाग भी यह मान रहा है कि पिछले साल की तुलना में इस बार जिले के दूसरे बड़े केशवा जलाशय में इस बार 12.04 फीसदी पानी भरा है। इस साल 20 जून से मानसून ने दस्तक दी थी। राजस्व विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस बार 366.6 मिमी बारिश हुई है। इस तरह आषाढ़ ने अपना हिसाब पूरा कर दिया है।
जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बेलटुकरी,सरायपाली ब्लॉक के घोरघाटी व घुरऊ जलाशय से करीब 662 हेक्टेयर में खरीफ फसल की सिंचाई होती है। इसी प्रकार जिले के 5 जलाशय महासमुंद ब्लॉक के मुरमार जलाशय, गौरखेड़ा, रामपुर, पासीद व बागबाहरा ब्लॉक का लमकेनी बांध से 300 से 400 हेक्टेयर की सिंचाई होती है।
इसके बाद 92 बांध की स्थिति अभी खराब हैं। बड़े जलाशय कोडार बांध 10.54 फ ीट, केशवा में 12.4 फीट छोटे जलाशय 92 जलाशय 0 से 25 प्रतिशत तक, 05 जलाशय 25 से 50, 02 जलाशय 50 से 75, 01 जलाशय 75 से 99 प्रतिशत तक पानी हर बार आषाढ़ में भरता है। आषाढ़ के बाद अब सावन महीने में जिले के वृहद, मध्यम व मिनी बांध की स्थिति सुधरने की उम्मीद है। इसमें से 92 बांधों को ज्यादा पानी की आवश्यकता है। क्योंकि इन बांधों में बहुत कम पानी है। सावन की झड़ी का इन बांधों को इंतजार है।
भू-अभिलेख से मिली जानकारी के अनुसार जिले में एक जून से अब तक सर्वाधिक औसत वर्षा महासमुंद तहसील में 302.3 मिलीमीटर दर्ज की गई है। वहीं बसना में 278.0 मिलीमीटर, सरायपाली में 239.6 मिलीमीटर,बागबाहरा में 218.5 मिलीमीटर, पिथौरा में 200.7 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा 156.9 मिलीमीटर कोमाखान तहसील में दर्ज की गई है।
कल शुक्रवार को जिले में 6.0 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई। जिसमें बागबाहरा तहसील में 19.4 मिलीमीटर, कोमाखान में 10.7 मिलीमीटर, बसना में 3.2 मिलीमीटर, पिथौरा में 1.1 मिलीमीटर और सबसे कम वर्षा महासमुंद और सरायपाली में 1.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। बागबाहरा क्षेत्र में कम बारिश के वृहद जलाशय कोडार व मध्यम जलाशय केशव सहित मिनी जलाशयों का स्तर इस बार नहीं बढ़ पाया है। कोडार व केशवा जलाशय का कैच मेंट एरिया बागबाहरा है। क्षेत्र में बारिश होने से इसका असर देखने को मिलता है।