महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जुलाई। कल शाम तेज बारिश के बाद जिला मुख्यालय सहित आसपास के ग्रामों में रोपाई काम ने गति पकड़ा है। साधन संपन्न किसानों ने जहां रोपाई शुरू कर दिया है, वहीं बारिश पर आश्रित किसान थोड़े असमंजस में हैं। हालांकि, रुक-रुक हो रही बारिश किसानों के लिए फायदेमंद बताई जा रही है। वर्तमान में बोनी 85 प्रतिशत हो चुकी है, जबकि रोपाई 50 प्रतिशत से ऊपर हो चुकी है।
जिला कृषि अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक बीच में थोड़ी स्थिति जरूर बिगड़ी थी, लेकिन अब अकाल वाली स्थिति नहीं है। फिलहाल सोना बत्तर जैसी स्थिति है। रुक-रुक कर होने वाली बारिश किसानों के लिए फायदेमंद है। उन्होंने कहा कि यदि स्थिति बिगड़ती है तो उसके लिए भी विभाग ने पूर्व तैयारी कर रखी है। अब भी कम दिन में उपजने वाले बीज विभाग के गोदाम में रिजर्व हैं। मिली जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में बारिश होने के बाद रोपाई के कार्यों में तेजी आ गई है। दोपहर बाद और रात को हुई बारिश के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। किसानों ने बताया कि धान की रोपाई की तैयारी कर रहे हैं। बीच में बारिश नहीं होने की वजह से हालात जरूर बिगड़े थे। रुक-रुक कर हो रही बारिश धान के अलावा उड़द, मूंग, राहर सहित अन्य फसलों के लिए बहुत अच्छी है। इसे सोना बतर कह सकते हंै। किसानों को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। यदि परिस्थितियां विषम हुई फिर भी हमारे पास बीज पर्याप्त है। एफ आर कश्यप उप संचालक कृषि महासमुंद के मुताबिक ग्रामीण क्षेत्र मचेवा, परसकोल, बिरकोनी, तुमगांव सहित जिले में रोपाई कार्य तेजी से चल रहा है। किसान और मजदूर खेतों में धान की रोपाई का कार्य में जुटे हुए हैं। कृषि कार्य के चलते कम्पोस्ट एवं सुपर कम्पोस्ट की डिमांड बढ़ी है। किसानों ने बताया कि इससे फसल उत्पादन बेहतर होता है। खेती की लागत में कमी आती है। इनके उपयोग से मिट्टी की जल धारण क्षमता में सुधार होने के साथ ही मृदा क्षरण रुकता है।