महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 19 जुलाई। तुमगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत अछोला में हुई 3 जुलाई की रात साढ़े 7 बजे लूट की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने धारा 3, 5, 309, 6 भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पदमन ढीढी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 3 जुलाई की रात करीब साढ़े 7 बजे समोदा से पैदल जा रहा था। ग्राम अछोला के छोटे पुल के पास पहुंचा था। उसी समय ग्राम समोदा की ओर से मोटरसाइकिल में दो अज्ञात व्यक्ति आए और पूछे कि कहां जाना है।
प्रार्थी ने भोरिंग जाने की बात बताई तो दोनों व्यक्ति जोबा छोड़ देंगे कहकर मोटर साइकिल में बिठाया। करीबन रात्रि साढ़े 7 बजे मोटर साइकिल का चालक अछोला हाईस्कूल ग्राउंड के अंदर ले जाकर लूट की नियत से प्रार्थी के गर्दन को पकड़ा। मोटरसाइकिल में बैठे एक अन्य व्यक्ति ने स्टील की राड से दोनों पैर में मारा और मारपीट करते हुए जेब में 7 हजार 430 रुपए लूट लिए। शिकायत पर अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान 17 जुलाई को रायपुर ढीढी नगर न्यू चंगोरा भांठा निवासी 18 वर्षीय भोजसाहू व 19 वर्षीय एवन कुमार साहू को पकड़ा और प्रार्थी से पहचान कराई तो प्रार्थी ने आरोपियों को पहचान लिया। आरोपियों के कब्जे से मोटरसाइकिल, एक स्टील का स्टीक और 18 सौ रुपए नगद जब्त किया गया है।
