महासमुन्द

कार्यकर्ता हमारी नींव, केंद्र और राज्य की योजनाओं को धरातल पर लाना है- रूपकुमारी
18-Jul-2024 2:26 PM
कार्यकर्ता हमारी नींव, केंद्र और राज्य की योजनाओं  को धरातल पर लाना है- रूपकुमारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18जुलाई।
विधानसभा और लोकसभा चुनाव में महासमुंद से भाजपा को मिली बड़ी जीत के बाद भाजपा ने बुधवार को शंकराचार्य भवन में मतदाताओं का सम्मान समारोह कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महासमुंद क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी और कार्यक्रम के संयोजक महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा थे। 

मुख्य अतिथि सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि हमारी जीत में सम्मान के  हकदार आप सभी मतदाता हैं। आपने भाजपा पर भरोसा दिखाते हुए विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जीत दिलाई है। अब आगामी दिनों में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव है। उसमें भी आप सभी मतदाताओंं का आशीर्वाद हमारे जनप्रतिनिधियों को दीजिए। 

उन्होंने कहा कि इससे पहले राज्य में काबिज रही कांग्रेस की सरकार आम जनता की हितैषी नहीं थी। हमारी सरकार जनता की हितैषी  है। हम सब मिलकर नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि घर की मजबूती नींव से होती है। 

बूथ स्तर के कार्यकर्ता हमारी नींव हैं इसलिए आप सभी के मेहनत से आगामी चुनाव में बेहतर परिणाम मिलेंगे। केंद्र और राज्य की प्रत्येक लोक कल्याणकारी योजनाओं को हमें धरातल में लाना है।

विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा ने कहा कि महासमुंद क्षेत्र की जनता ने भाजपा से विधायक और सांसद बनाया। इसलिए इस जीत में मतदाताओं की जीत भी हुई है। उन्होंने कहा कि आप सभी के मेहनत से ही डबल इंजन की सरकार बन पाई है। अब नगरीय निकाय और पंचायत में सरकार बनाना है। यह भी कहा कि कांग्रेस के लोग भ्रमित करने का काम कर रहे। लगातार झूठ फैलाने का काम कर रहे हैं। इसलिए जनता उन्हें सत्ता में आने नहीं दे रही है। कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने चुनाव में मिली जीत के लिए मतदाताओं को धन्यवाद करते हुए आभार जताया। उन्होंने बताया कि पूरे 90 विधानसभाओं में यह कार्यक्रम हो रहा है। भाजपा हमेशा ऐसे नए-नए कार्यक्रम कर आमजन का सम्मान करती है और उनसे रूबरू होती है।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि महासमुंद के मतदाताओं का आशीर्वाद उन्हें मिला और वे विधायक बने। साथ ही लोकसभा चुनाव में रूपकुमारी चौधरी को प्रचंड मतों से जीता दिलाई। अब नगर सरकार में भी भाजपा को जीता दिलाने की अपील की। साथ ही पंचायत चुनाव में गांव स्तर से लेकर जनपद और जिला पंचायत में भी भाजपा के जनप्रतिनिधियों को जीता दिलाना है। इससे केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ सुदूर गांवों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। 

पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने कहा कि लोकसभा चुनाव में क्षेत्र से भाजपा को बड़ी जीत मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनी। आगे कहा कि केंद्र द्वारा महासमुंद जिले को आंकाक्षी जिला में शामिल किया गया। इससे जिले में कई सुविधाओं का विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में महासमुंद के इतिहास में विकास के स्वर्णिम अध्याय जुड़ेंगे।

पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर ने कहा कि अब महासमुंद फिर से विकास की राह में आगे बढ़ेगी। हम सभी मिलकर मेहनत करते रहेंगे और विकास की गाथा लिखेंगे। पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ने कहा कि भाजपा की जीत मतदाताओं का सम्मान है। अभी डबल इंजन की सरकार बनी हैए हमें अब चार पहियों की सरकार बनानी है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कार्यकारी जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, वरिष्ठ नेता चंद्रहास चंद्राकर, माधव राव टांकसाले, इंद्रजीत सिंह गोल्डी, संदीप दीवान, रमेश साहू, मोती साहू, प्रदीप चंद्राकर,अनिता रावटे, प्रकाश शर्मा, झनक लाल साहू, सतपाल सिंह पाली, यतेंद्र साहू, सुधा साहू, येतराम साहू, पवन पटेल, मंगेश टांकसाले, देवीचंद राठी, पप्पू पटेल, धरम पटेल, श्याम साकरकर, धरमदास साहू सहित अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता व मतदाता मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट