महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जुलाई। महासमुंद पुलिस ने कल हेलमेट जागरूकता अभियान और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 23 प्रकरण न्यायालय पेश किया गया। इसमें 80 हजार रुपए का चालान किया गया। तेन्दूकोना थाना क्षेत्र में हेलमेट लगाने वालों का पुलिस ने फूलों से स्वागत किया। खल्लारी थाना क्षेत्र में हेलमेट पहन कर बाइक रैली निकाली गई।
मालूम हो कि जिले के यातायात एवं थाना चौकियों में इस वक्त शराब पीकर वाहन चलाने पर कार्रवाई जारी है। साप्ताहिक हाट बाजारों में आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए पुलिस स्कूल कॉलेजों में हेलमेट एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रही है। लिहाजा यातायात शाखा महासमुंद एवम सभी थाना चौकी प्रभारियों ने कल शराब पीकर वाहन चलाने वाले कुल 23 प्रकरण बनाए। जिसमें 80 हजार रुपए का अर्थदंड वसूल हुआ।
इसी तरह बिना हेलमेट के वाहन चलाने वाले कुल 42 प्रकरणों में 21 हजार रुपए समन शुल्क वसूल किए गया। जिले के लगभग 1500 आम नागरिकों एवं स्कूली छात्र.छात्राओं को यातायात नियमों संकेतों के बारे में जानकारी देते हुए सभी को दुपहिया वाहन में बिना हेलमेट के वाहन नहीं चलाने एवं शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की समझाईश दी गई। साथ ही महासमुंद शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के चौक चौराहों, साप्ताहिक हॉट बाजारों के पास हेलमेट पहने वाहन चालकों को गुलाब फूल देकर सम्मानित किया गया। जिला पुलिस महासमुंद ने सभी से अपील की है कि हेलमेट पहनकर ही वाहन चलाएं। चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। शराब पीकर वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें, यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।