महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 18 जुलाई। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला महासमुंद के अटल टिंकरिंग लैब की चर्चा छग और पूरे देश से निकलकर यूएसए में भी होने लगी है। अबकी बार अमेरिकी बच्चों की मैग्जीन हाई लाइट्स चैम्प्स में इस लैब की बाल वैज्ञानिक चंचल पिता भोज माता रुखमणी बाई साहू का साक्षात्कार प्रकाशित हुआ है। ग्राम कांपा तुमगांव निवासी यह छात्रा वर्तमान में तुमगांव स्कूल में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत हंै।
महासमुंद अंचलवासियों के लिए चंचल का नाम जाना पहचाना सा है। आजादी सेट-1 तथा 2 के लिए प्रोग्रामिंग करने वाली देश भर की 750 छात्राओं में यह नाम शुमार था। चंचल के अलावा इस स्कूल की 9 और छात्राएं इसमें शामिल थीं। तब विदेशी लेखिका लिसा ला बोन्ते ने अपनी पुस्तक में महासमुंद की इन 10 छात्राओं का जिक्र किया था।
अबकी बार अमेरिका में सबसे ज्यादा बिकने वाली बाल पत्रिकाओं में से एक हाई लाइट्स के भारत में दिल्ली से प्रकाशित हाईलाइट्स चैम्प्स के मई. 2024 के अंक में चंचल का साक्षात्कार तस्वीर के साथ प्रकाशित हुआ है। हाईलाइट्स अमेरिकी बच्चों की पत्रिका है। इस अंग्रेजी बाल पत्रिका में 6 से12 साल के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने वाली सामग्री का प्रकाशन किया जाता है।
जून 1946 में गैरी क्लीवलैंड मायर्स और उनकी पत्नी कैरोलीन ने पेनसिल्वेनिया से इसका प्रकाशन शुरू किया था। भारत में 2012 में इसकी लांचिंग हाई लाइटस चैम्प्स के नाम से हुई थी।
इस पुस्तक में प्रश्न है-आपको सैटेलाइट और अंतरिक्ष अन्वेषण में रुचि कैसे पैदा हुई ? तो चंचल ने कहा है-जब हम बाहर सोते थे तो पिताजी से मैं आसमान में टिमटिमाते तारों और अंतरिक्ष के विषय में सवाल पूछा करती थी। दूसरा प्रश्न-आपने सैटेलाइट का कौन सा भाग बनाया और इसकी प्रक्रिया कैसे शुरु हुई, पर चंचल ने कहा है-प्रभारी शिक्षक के मार्गदर्शन में हमने एक पेलोड बनाया। जिसमें एक मैग्नेटोमीटर चुंबकीय क्षेत्र के डाटा को प्राप्त करने के लिए तथा पैनलों की कार्य प्रणाली पर नजर रखने के लिए सेल्फी लगाया गया था।
तीसरा प्रश्न-आपको सैटेलाइट लॉन्च होते देखकर कैसा महसूस हुआ और आपको किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा, पर चंचल ने कहा है-आजादी सैट जब टेक्निकल प्रॉब्लम की वजह से फेल हो गया था तो हमने दोबारा आजादी सैट मिशन 2.0 के लिए टीम के दो सदस्यों के बीमार होने के बावजूद समय पूर्व अपना टास्क पूरा किया और इसरो जाकर अपने सैटेलाइट के सफल लॉचिंग को अपनी टीम के साथ पूरी खुशी और गर्व के साथ देखा।
चौथे प्रश्न कि आप अन्य लड़कियों को ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए किस तरह प्रेरित करेंगे, पर चंचल ने कहा-विज्ञान में रुचि रखने वाली लड़कियों को अपने विज्ञान शिक्षकों से बात करनी चाहिए और अपनी जिज्ञासा बनाए रखना चाहिए। हमारे शिक्षक ने इस पर ध्यान दिया और इस तरह के प्रोजेक्ट में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। पुस्तक में आखरी प्रश्न-आपके अनुसार भारत को अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए क्या करना चाहिए, पर चंचल ने कहा है-गल्स चाइल्ड को भी इस फील्ड में शामिल किया जाना चाहिए।

