महासमुन्द

एक सडक़ के लिए 2 मद से राशि निकाली
17-Jul-2024 11:01 PM
एक सडक़ के लिए 2 मद से राशि निकाली

एक मद से बनी सडक़, दूसरे मद का पता नहीं युवा समिति हल्ला बोल आंदोलन करेगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 पिथौरा, 17 जुलाई। जनपद पंचायत पिथौरा से लगे हुए ग्राम पंचायत लाखागढ़ में एक सडक़ के लिए 2 मद से राशि निकालने का मामला सामने आया है। इसमें एक मद से बनी सडक़, दूसरे मद का पता नहीं।

शिकायतों के प्रमाणित होने के बाद भी जिला सीईओ द्वारा कार्रवाई नहीं किये जाने के विरोध में जिला सीईओ के विरुद्ध लाखागढ़ के ग्रामीण हल्ला बोलने की घोषणा की है।

लाखागढ़ की युवा समिति के संयोजक पोमल कोसरिया एवं तारेंस कोसरिया ने बताया कि लाखागढ़ पिथौरा पहुंच मार्ग तालाब मार्ग में वर्तमान में सीसी रोड का निर्माण हो चुका है। युवा समिति ने कैश बुक निरीक्षण कर बताया कि कैशबुक रिपोर्ट के अनुसार सत्र 2021-22 में विधायक निधि से दस लाख रुपए का आहरण कर लिया गया था,जिसका कोई  काम नहीं कराया गया परन्तु इसी काम के लिए सत्र 2024-25 में भी वही तालाब मार्ग सीसी रोड निर्माण के लिए पुन: सांसद मद से दस लाख रुपये स्वीकृत कर अहरण कर लिया गया है।

इस तरह सरपंच सचिव ने अफसरों के सहयोग से एक ही मार्ग के लिए दो बार राशि स्वीकृत करवा कर एक बार ही काम कर एक बार की पूरी राशि हड़प ली है। अब ग्रामीण उक्त मामले में लगातार शिकायत कर कार्रवाई की मांग कर रहे हंै।

युवा समिति हल्ला बोलो अभियान चलाएगी

लाखागढ़ के जागरूक युवाओं द्वारा बनाई गई युवा समिति ने पंचायत के  कारनामों को लगातार उजागर कर मुख्यमंत्री तक शिकायत की। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं किये जाने से अब युवा समिति प्रदेश सरकार एवं जिला पंचायत सहित जनपद सीईओ के विरुद्ध हल्लाबोल अभियान चलाएगी।

इस अभियान में समिति के सदस्य विकासखण्ड के सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों के घर-घर जाकर बताएंगे कि जिला एवं जनपद सीईओ द्वारा दोषी पदाधिकारियों को किस तरह संरक्षण दिया जा रहा है।  शिकायत के बाद भी प्रदेश सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किये जाने की जानकारी घर-घर पहुंचाएंगे।


अन्य पोस्ट