महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 17 जुलाई। काव्यांश साहित्य एवं कला पथक संस्थान का स्थापना दिवस काव्यांश भवन प्रांतीय कार्यालय मुख्य मार्ग महासमुंद में योगेश्वर राजू सिन्हा विधायक महासमुंद के मुख्य आतिथ्य एवं संस्थान के संरक्षक वरिष्ठ विधिवेत्ता प्रलय थिटे, वरिष्ठ साहित्यकार साधना कसार, सहायक प्राध्यापक डॉ सीमा रानी प्रधान, वरिष्ठ भाजप नेता रमेश साहू के विशिष्ट आतिथ्य व संस्थान के अध्यक्ष भागवत जगत भूमिल की अध्य्क्षता में आहुत हुआ। सभी ने कहा कि काव्यांश का मूल उद्दे्श्य कला और संस्कृति को बचाना मूल उद्देश्य है।
कार्यक्रम की शुरुआत में स्वाति जगत ने अपनी सुमधुर आवाज में सरस्वती वंदना व काव्यांश गौरव गान की प्रस्तुति दी। हरियर छत्तीसगढ़ व एक पेड़ मां के नाम थीम पर संस्थान द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत गमला युक्त पौधा से किया गया। संरक्षक उमेश भारती गोस्वामी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए अपनी चिर परिचित अंदाज में कविता के माध्यम से अतिथियों का परिचय कराया। उन्होंने कहा कि 14 वर्ष पूर्व संस्था का बीज बोया गया था जो आज विशाल वट वृक्ष के रूप में हजारों साहित्य साधकों का आश्रय बनकर उन्हें आगे बढऩे में सहयोग प्रदान कर रहा है ।
संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष भागवत जगत भूमिल ने अपनी अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि नवोदित साहित्यकारों को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ही संस्था का स्थापना हुआ है। आज संस्था में साहित्यकारों के साथ.साथ बड़ी संख्या में कलाकार भी जुड़े हुए हैं जिनके पास हजारों की संख्या में कलाकृतियां संग्रहित है जिसे सहेजना संस्था का उद्देश्य है। संस्कृति को बचाये रखने के लिए हमने विलुप्त होती वाद्ययंत्रों का बड़ी संख्या में संग्रह किया है।
मुख्य अतिथि योगेश्वर राजू सिन्हा विधायक महासमुंद ने अपने उद्बोधन में कहा कि महासमुंद का नाम साहित्य के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में है। मैं उम्मीद करता हूं कि इस परंपरा को वर्तमान पीढ़ी भी आगे बढ़ायेगी। यह जानकर मुझे सुखद आश्चर्य हो रहा है कि साबुन को कला का माध्यम बनाकर हजारों कलाकृति तैयार करने वाला जयराम पटेल भी हमारे महासमुंद शहर से हैं। मैंने संग्रहित वाद्ययंत्रों का भी अवलोकन किया है। निश्चित ही आप लोगों का कार्य सराहनीय है। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि आप लोगों के इस पुनीत कार्य में मुझसे जो भी सहयोग की अपेक्षा होगी मैं उसे पूरी तत्परता के साथ पूरा करने का प्रयास करूंगा। संस्था में पहली बार शिरकत कर रहे मुख्य अतिथि विधायक का संस्थान ने शाल, श्रीफल व अभिनंदन पत्र से सम्मानित किया।
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता प्रलय थिटे ने बेरोजगारी का दंश झेल रहे युवाओं पर अपनी रचना न मातमी धुन होंगे न झंडे झुकाई जाएगी ने खूब तालियां बटोरी। उपस्थित साहित्यिकारों ने प्रलय थिटे को उनके जन्मदिन के अवसर पर शाल श्रीफल व अभिनंदन.पत्र भेंट कर मुंह मीठा कराया। संस्था की वरिष्ठ साहित्यकार डॉ सीमारानी प्रधान को शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठ उपाधि पीएचडी पूर्ण कर लेने पर संस्थान द्वारा उन्हें शाल.श्रीफल व अभिनंदन.पत्र से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा एवं अतिथियों ने संस्थान के वरिष्ठ साहित्यकार जीतेश्वरी साहू सचेता की रचना स्वर्ण उजास तथा डॉ सरोज साव दामिनी की रचना दामिनी की वाणी पुस्तक का विमोचन कर उन्हें शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान साहित्यकारों ने रचना पाठ की। कार्यक्रम में मुख्यरूप से डी बसंत साव, बंधु राजेश्वर खरे, अधिवक्ता सलीम कुरैशी, डोमार राम साहू, राजेश शर्मा, प्रकाश बघेल, फारूख मोहम्मद, श्लेष चंद्राकर, झगेश साहू, मनोज यादव,भावरिया, कुंदन प्रजापति, सिद्धेश्वर साहू, गुलाब ठाकुर, दिनेश चौबे , तृप्ति खरे, पुष्पा गजपाल, द्रौपदी साहू, अंजू सोनछत्र, बोधिता निषाद उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष सुरेंद्र मानिकपुरी ने किया तथा संस्थान के महासचिव जयराम पटेल ने आभार व्यक्त किया।