महासमुन्द

गांजा तस्करी: दो आरोपियों को 10-10 साल कैद
17-Jul-2024 3:40 PM
गांजा तस्करी: दो आरोपियों को 10-10 साल कैद

महासमुंद,17 जुलाई। अवैध मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करने वाले दो आरोपियों को अपराध दोष सिद्ध होने पर एनडीपीएस के विशेष न्यायाधीश संघपुष्पा भतपहरी ने 10-10 वर्ष के कठोर कारावास व 50-50 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड की राशि नहीं पटाने पर 6-6 माह की सजा अतिरिक्त भुगतनी होगी।  अभियोजन के अनुसार कोमाखान थाना क्षेत्र के सहायक उपनिरीक्षक को देहात भ्रमण के दौरान 7 जून 2023 को पटपरपाली पहुंचने पर मुखबिर से सूचना मिली कि एक नीले रंग की एक्टिवा स्कूटर में दो व्यक्ति एक सफेद रंग की बोरी में अवैध गांजा मादक पदार्थ बिक्री के लिए ओडिशा से छग की आ रहे हंै। सूचना पर हमराह स्टाफ  के साथ घेराबंदी कर नीले रंग की एक्टिवा स्कूटर सवारों को रोका। पूछताछ में एक ने अपना नाम आकाश धाकड़ बताया तथा दूसरे ने अभिषेक अहिवार बताया। दोनों आरोपित म.प्र. के विदिशा जिले के रहने वाले हैं।

 उनके कब्जे से 20 किलो अवैध मादक पदार्थ गांजा परिवहन करते हुए जब्त किया गया। अपराध दर्ज कर विवेचना उपरांत मामला कोर्ट को सौंपा गया था। अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक जितेंद्र कुमार साहू ने पैरवी की।


अन्य पोस्ट