महासमुन्द

बाहरी कारोबारियों को लाभ पहुंचाने जेम पोर्टल शुरू कर रही भाजपा सरकार-विनोद
14-Jul-2024 2:01 PM
बाहरी कारोबारियों को लाभ पहुंचाने जेम पोर्टल शुरू कर रही भाजपा सरकार-विनोद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 जुलाई।
पूर्व संसदीय सचिव व महासमुंद के पूर्व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा के 15 साल के कमीशनखोरी को समाप्त करने सीएसआईडीसी के तहत उद्योग नीति बनाई थी। जिसमें स्थानीय उद्योगपतियों को मौका दिया जाता था। स्थानीय लोगों को रोजगार मिल रहा था। श्री बघेल ने भाजपा के 15 वर्षों से चल रहे बाहरी व्यापारियों का धंधा बंद कर दिया था। जिसे राज्य के साय सरकार द्वारा पुन: बाहरी भाजपाइयों व गुजरात के उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने जेम पोर्टल शुरू करने जा रही है।

पूर्व संसदीय सचिव ने कहा कि जेम पोर्टल से स्थानीय रोजगार पर संकट खड़ा हो जाएगा। भाजपा सरकार के इस कदम से राज्य के छोटे उद्योगोंए व्यापारियों और कुटीर उद्योगों को बड़ा नुकसान होगा। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार सीएसआईडीसी के माध्यम से रेट कॉन्ट्रैक्ट निर्धारित कर सरकारी खरीदी करती थी जिससे स्थानीय व्यवसायियों और युवाओं को रोजगार मिलता था। भाजपा सरकार का जेम पोर्टल से खरीदारी का निर्णय गुजराती व्यापारियों और बाहरी भाजपाइयों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

श्री चंद्राकर ने कहा कि जेम पोर्टल से सबसे ज्यादा सप्लाई गुजरात के व्यापारी करते हैं और यह निर्णय केंद्र सरकार के दबाव में लिया गया है। जिससे छत्तीसगढ़ के व्यवसायियों को नुकसान होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीएसआईडीसी के रेट कॉन्ट्रैक्ट के माध्यम से सप्लाई में कोई भ्रष्टाचार नहीं होता थाए बल्कि यह एक पारदर्शी व्यवस्था थी जिससे स्थानीय व्यवसायियों को संरक्षण मिलता था। उन्होंने ने भाजपा सरकार से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि सीएसआईडीसी के रेट कॉन्ट्रैक्ट में किस प्रकार भ्रष्टाचार होता था। जेम पोर्टल के माध्यम से स्थानीय बेरोजगारों का रोजगार छीनकर मोटा कमीशन वसूलने की साजिश की जा रही है। सीएसआईडीसी के माध्यम से रेट कॉन्ट्रेक्ट का जो लाभ लघु उद्यमियों को मिलता थाए वह अब नहीं मिलेगा।
 


अन्य पोस्ट