महासमुन्द

मीना बाज़ार में खाद्य एवं नापतौल विभाग की दबिश
13-Jul-2024 6:25 PM
मीना बाज़ार में खाद्य एवं नापतौल विभाग की दबिश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 13 जुलाई । शहीद भगत सिंह खेल मैदान में लगे मीना बाजार में गुणवत्ताविहीन एवं खुदरा मूल्य से अधिक पर सामान बेचने की शिकायत पर गुरुवार को मापतौल एवं खाद्य विभाग ने मीना बाजार में दबिश देकर कार्रवाई की है। मेले में लगे कैप्स आइसक्रीम पार्लर से सैम्पल लेकर धारा 18/1 के तहत कार्रवाई की गई है।

शिकायतकर्ता ललित मुखर्जी ने शिकायत पत्र में लिखा था कि  खेल मैदान में आयोजित मीना बाज़ार में संचालित एक आईसक्रीम के दुकानदार द्वारा गुणवत्ताविहीन आईसक्रीम एमआरपी दर से दुगुना कीमत पर बेचा जा रहा है।  पांच रुपये वाली चोकोबार को 10 रु. में एवं 10 रुपये वाली आईसक्रीम को 20 रु. में बेचे जाने एवं यहां उपस्थित सभी खाद्य सामग्रियों को दुगुना कीमत पर बेचने की शिकायत की गई थी।

विधिक माप विज्ञान अधिकारी सिद्धार्थ दुबे ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि शिकायतों के बाद वे खाद्य अधिकारी के साथ मीना बाजार के आइसक्रीम स्टॉल पर पहुंच कर जांच की। जांच में गुणवत्ता पता लगाने सैम्पल लिए गए एवम संचालक के विरुद्ध विधिक माप विज्ञान अधिनियम 2009 की धारा 18/1 के तहत नोटिस दे कर कार्रवाई की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय मीनाबाजार में कुछ खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं खुदरा दर से कोई दुगुने दर पर सामग्री बेचे जाने की शिकायत के बाद खाद्य एवं मापतौल विभाग की संयुक्त टीम ने यहां दबिश दी। टीम में विविध माप विज्ञान अधिकारी सिद्धार्थ दुबे और खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति भानु ने कार्रवाई की है।

मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति भानू ने मेला में लगे आइसक्रीम पार्लर में बेचे जा रहे आइसक्रीम का सैंपल लिया गया और जाँच के बाद कार्रवाई करने की बात कही। वहीं  विधिक माप विज्ञान अधिकारी सिद्धार्थ दुबे ने एमआरपी दर से अधिक रुपये बेचने पर प्रकरण दर्ज कर दण्डात्मक कार्रवाई करने की बात कही है।

ज्ञात हो कि मीना बाजार में संचालित आइसक्रीम पार्लर के संचालक के द्वारा सभी खाद्य सामग्री को एमआरपी दर से अधिक कीमत पर आम लोगों को बेच रहा था। इसका विरोध किए जाने पर भी दुकानदार के द्वारा एमआरपी दर पर ग्राहकों को समान नहीं दिया गया। जिससे नाराज ग्राहक ने विधिक माप विज्ञान अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी के समक्ष शिकायत किया शिकायत पर अधिकारियों द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई।

बगैर सुरक्षा प्रबंध के संचालित मीनाबाजार

बताया जाता है कि स्थानीय राजस्व अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सशर्त बाजार लगाने की अनुमति दी गयी थी, इसके बावजूद सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं किये गए है। ज्ञात हो कि यहां प्रतिदिन हजारों महिला एवं बच्चों की भीड़ होती है। परन्तु प्रतिदिन की इस भीड़ को नियंत्रित करने एवं इनकी सुरक्षा की कोई भी व्यवस्था नहीं की गई है।


अन्य पोस्ट