महासमुन्द
महासमुंद,13 जुलाई। शुक्रवार को नयापारा स्वास्थ्य केंद्र में नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष के उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि योगेश्वर राजू सिन्हा ने फीता काटकर लोकार्पण किया। उन्होंने नवनिर्मित कक्ष का जायजा भी लिया। वहीं उन्होंने कार्यक्रम में मितानिनों को सम्मानित भी किया। अस्पताल में बने अतिरिक्त कक्ष में छोटे बच्चों के लिए टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के संचालन में मितानिनों का महत्वपूर्ण योगदान है। गर्भवती महिलाओं व शिशुओं के देखभाल में भी इनका सराहनीय भूमिका रहती है। स्वास्थ्य विभाग के जमीनी कार्यों को मितानिन पूरी मेहनत और लगन से कर रही है। इसके लिए उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित मितानिनों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। इसलिए हमारी सरकार ने मितानिनों का सम्मान करते हुए सीधे उनके खाते में प्रोत्साहन राशि जारी की है। इससे मितानिनों को उनके मेहनत की राशि के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने मितानिनों से कहा कि आप सभी इसी तरह सरकार के स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाते रहे। इससे लोगों का स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहेगा।