महासमुन्द

गांवों में खाली जमीन पर अतिक्रमण, ग्रामीण प्रतिभाएं दम तोड़ रहीं
13-Jul-2024 2:33 PM
गांवों में खाली जमीन पर अतिक्रमण, ग्रामीण प्रतिभाएं दम तोड़ रहीं

महासमुंद की 551 ग्राम पंचायतों में से मात्र 194 में खेल मैदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 जुलाई।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाएं पनपने से पहले ही दम तोड़ देंगी। इसकी वजह है कि प्रशासन ग्राम पंचायत स्तर पर खेल के लिए जमीन सुरक्षित रखने में विफ ल साबित हो रहा है। राजस्व की जमीन पर अवैध कब्जों हटाना तो दूर खाली जमीन पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने में जिला प्रशासन सुधि नहीं ले रहा है। जिले की कुल 551 ग्राम पंचायतों में प्रशासन मात्र 194 मैदान ही उपलब्ध करा पाया है। बाकी 357 ग्राम पंचायतों में मिनी स्टेडियम नहीं बन सका है। यहीं वजह है कि गांवों में खेल के विकास और खिलाडिय़ों के लिए मैदान जैसी प्राथमिक सुविधा तक उपलब्ध नहीं है।

इस तरह गांवों की प्रतिभाएं गांवों में ही दम तोड़ दे रही हैं या जिला स्तर से आगे नहीं बढ़ पा रही है। पूर्ववर्ती सरकार ने जिले के 551 ग्राम पंचायतों में मिनी स्टेडियम निर्माण करने प्रस्ताव बनाकर भेजने के लिए कहा था। लेकिन प्रशासन गांवों में जमीन ही तलाश नहीं पाया। लिहाजा मिनी स्टेडियम के लिए सरकार से आवंटित होने वाला पैसा भी नहीं मिला। हाल ही में विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने स्कूल शिक्षकों की बैठक लेकर उन्हें जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ाने मैदान की आवश्यकता पर चर्चा की थी। 

उन्होंने स्कूल के मैदानों को व्यवस्थित कर खेल आयोजन कर बच्चों की खेल प्रतिभा निखारने पर बल दिया। लेकिन जब उन्हें खेल मैदान के लिए जमीन नहीं मिलने की बात कही गई तो वे इस पर ठोस दिशा तय नहीं कर पाएं। इधर प्रशासन के जिम्मेदारों का कहना है कि गांवों के अधिकांश राजस्व भूमि पर लोगों ने अवैध वि कब्जे कर रखा है। ऐसे कब्जों पर के कार्रवाई की गई तो इसकी चपेट में बड़ी संख्या में लोग आएंगे। वहीं इन्हें हटाने में कई व्यावहारिक दिक्कतें भी है। इसकी वजह खेल मैदान ही नहीं बल्कि अन्य सार्वजनिक व सरकारी प्रयोजनों के लिए भी जमीन की कमी होने लगी है।

जिला खेल अधिकारी मनोज घृतलहरे ने बताया कि जिले के सभी ग्राम पंचायतों में खेल के लिए जमीन आरक्षित में करने प्रशासन को विभागीय प्रस्ताव भेजा गया था। खेल वहीं मैदान नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से खिलाड़ी नहीं निकल पाते। जबकि खेल के क्षेत्र में गांवों से ही ज्यादा प्रतिभाएं निकलती है। मैदान नहीं होने के कारण अन्य जिलों में हमारे जिले का रैंक नीचे चला गया है। हालांकि अच्छी बात यह है कि जिले में 14 मिनी स्टेडियम हैं। जिले से अभी राज्य व राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकल रहे हैं, पर इससे और बेहतर की संभावनाएं अभी है।

मालूम हो कि सालभर पहले खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिला प्रशासन को प्रत्येक ग्राम पंचायतों में खेल मैदान के जमीन आरक्षित करने का प्रस्ताव भेजा था। लेकिन प्रशासन मात्र 194 मैदानों का ही चिह्नांकन कर पाया। उसके बाद की बात करें तो जिलेभर के गांवों में खेल के बुनियादी सुविधाएं तक नहीं है। इसकी वजह से गांव के नई पीढ़ी स्थानीय व पारंपरिक खेलों तक ही सीमित होकर रह गए हैं।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक ने कहा कि खेल विभाग से गांवों में खेल मैदान के लिए जमीन आरक्षित करने का प्रस्ताव आया था। लेकिन व्यावहारिक रूप से दिक्कतें यह आ रही है कि गांवों में अवैध कब्जों के कारण सरकारी जमीन सिमट गया है। खेल मैदान ही नहीं बल्कि कॉमन उपयोग के लिए जमीन नहीं मिल रही है।
 युवा कबड्डी प्रतियोगिता में अक्सर हिस्सा लेते हैं और दमखम दिखाते हैं। लेकिन गांव के नए युवाओं को जोडऩे उनके पास संसाधने नहीं है।
 


अन्य पोस्ट