महासमुन्द

सीसी रोड से होकर घरों में घुस रहा पानी, घर गिरने का अंदेशा, मकान मालिकों में चिंता
09-Jul-2024 4:00 PM
सीसी रोड से होकर घरों में घुस  रहा पानी, घर गिरने का अंदेशा,  मकान मालिकों में चिंता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई।
बसना क्षेत्र के ग्राम दुधीपाली में बसना ब्लॉक का 132 केवी सब स्टेशन का निर्माण किया गया है। उक्त सब स्टेशन तक जाने के लिए गांव की गली से होते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा दिल्ली की एक ठेका कंपनी के माध्यम से सीसी रोड का निर्माण किया गया है। घटिया काम के चलते सी सी रोड का कुछ हिस्सा में पानी से भर गया है। सीसी रोड़ तालाब में तब्दील हो गया है और इसका पानी आसपास के घरों में घुस रहा है। पानी में डूूब चुके मकानों की नींव कमजोर रहो रहा है और दीवारों में सीलन नमी आ चुकी है। इससे दीवाल क्षतिग्रस्त होकर गिरने की आशंका है। 

ग्रामीणों का कहना है कि सीसी रोड की लंबाई चौड़ाई कितनी है, और कितनी लागत से बनाई गई है, इसका कोई लेखा.जोखा सूचना पटल में दर्ज नहीं होने के कारण गांव के किसी भी व््यक्ति को इसके बारे में जानकारी नहीं हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेका कंपनी के इंजीनियर कहते हैं कि छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा उन्हें कोई भी नागरिक सूचना पटल बनाने के लिए नहीं कहा गया है। न हीं लागत राशि जानकारी सार्वजनिक करने कहा गया है। ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि गांव का यह सीसी रोड भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। जिसकी जांच आवश्यक है। दूसरी ओर गली में पानी भराव एवं ठहरे हुए पानी से चिंतित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि समय रहते पानी की निकासी का उपाय नहीं किया गया तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। 

इस संबंध में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के प्रभारी इंजीनियर शैलेन्द्र वर्मा से बात की गई तो उन्होंने गांव जाकर स्थल निरीक्षण करने एवं उसके समाधान करने की बात कही है। जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की गली में पानी ठहर रहा है। बारिश का पानी उसमें तालाब की तरह भर गया है। अनेक ग्रामीणों के घर गिरने की संभावना है। ठेकेदार और इंजीनियर ने 400 से 500 पाकिट सीमेंट यहां से रात-रात में बाहर भेजा है। सैकड़ों क्विंटल सरिया भी रात बाहर भेजा गया। शुरुआती बारिश में भी कांक्रीट दिखना चालू हो गया है। बरसात के बाद यदि कांक्रीट बाहर आ गए तो कोई आश्चर्य की बात नहीं। सीसी रोड निर्माण में निर्धारित मापदंड, गुणवत्ता का बिल्कुल ध्यान नहीं दिया गया है।
 


अन्य पोस्ट