महासमुन्द

नायब तहसीलदार को मारा थप्पड़, आरोपी गिरफ्तार
09-Jul-2024 3:18 PM
नायब तहसीलदार को मारा थप्पड़, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई।
महासमुंद जिले के पटेवा तहसील में एक व्यक्ति ने सोमवार को नायब तहसीलदार को उसी के दफ्तर में थप्पड़ जड़ दिया।  आरोपी ने पहले तो नायब तहसीलदार को चप्पल फेंककर मारा और डायस में बैठे नायब तहसीलदार का कॉलर पकड़ लिया। आरोपी यहीं नहीं रुका। उसने नायब तहसीलदार की जमकर पिटाई की और गला दबाया। जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल नायब तहसीलदार युवराज साहू की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

मामला पटेवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक प्रार्थी युवराज सिंह झलप उप तहसील में नायब तहसीलदार हैं। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे राजस्व न्यायालय में डायस पर बैठकर नायब तहसीलदार युवराज सिंह प्रकरण का निराकरण कर रहे थे। इसी दौरान छिलपावन निवासी कुलप्रीत सिंह पहुंच गया। दोनों के बीच कुछ देर बाद बहस होने लगी। आरोप है कि कुलप्रीत सिंह ने गाली गलौज करते हुए डायस पर बैठे नायब तहसीलदार को 420 कहा और चप्पल फेंककर मारी। इसके बाद वह डायस पर चढ़ गया। उसने नायब तहसीलदार का कॉलर पकड़ लिया और थप्पड़ मारने लगा। यह भी आरोप है कि उसने नायब तहसीलदार का गला दबाने का भी प्रयास किया।

इस दौरान कार्यालय में पदस्थ पृथ्वी, अजय, पूजा कंवर, सहायक ग्रेड 3 और उपस्थित कोटवार उषा बाई रात्रे, तुलाराम मोंगरे और ग्रामीण तुलाराम चंद्राकर ने बीच बचाव कर मामला किसी तरह शांत कराया। मारपीट में नायब तहसीलदार की शर्ट फट गई। अधिकारी के गाल  और पीठ पर चोट आई है। 

उप तहसील कार्यालय में मारपीट की खबर मिलते ही रायपुर संभाग के पटवारी, आरआई, नायब तहसीलदार भी पहुंच गए। उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस पुलिस थाने में दर्ज कराई है। जिस पर पटेवा थाने में आरोपी कुलप्रीत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता  बीएनएस 2023 की धारा 121, 132, 115-2, 296, 351-2, 221 के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे रिमांड में लिया है।


अन्य पोस्ट