महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 जुलाई। आज भी सुबह से तेज धूप है और किसान टकटकी लगाए आसमान की ओर निहार रहे हैं। इस बार मानसून आने के बाद से अब तक अच्छी बारिश नहीं हो पाई है। फलस्वरूप किसान बारिश को लेकर चिंतित हैं। जून माह निकल गया, जुलाई का पहला सप्ताह बीतने को है। लेकिन अब तक कृषि योग्य बारिश नहीं हुई है। बारिश पर आश्रित किसानों के लिए अब एक बड़ी समस्या खड़ी हुई है। यदि आज-कल में अच्छी बारिश नहीं हुई, तो जो रोपाई हो चुकी है वे पौधे सूखने लगेंगे। वहीं कृषि पिछडऩा शुरू हो जाएगी।
इस वर्ष आज जिले में 8 मिमी वर्षा हुई है तथा 1 जून से अब तक 174.1 मिमी वर्षा का आंकड़ा दर्ज किया गया। जबकि वर्ष 2023 में आज दिनांक को 3.8 मिमी वर्षा हुई थी। वहीं 1 जून से आज की स्थिति में 671.9 मिमी वर्षा हो चुकी थी।
यदि प्रतिशत की बात करें तो चालू वर्ष में आज की स्थिति में 66.6 प्रतिशत वर्षा हुई है। जबकि वर्ष 2023 में 108.1 प्रतिशत वर्षा का आंकड़ा आज दिनांक तक दर्ज किया गया था। यानी गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 41.6 फीसदी वर्षा आज की स्थिति में काम हुई है। आंकड़ों के मुताबिक इस बार बारिश काफी कमजोर है। इस तरह मानसून की बेरुखी ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है। यदि यही स्थिति रही तो जिला सूखे की चपेट में चला जाएगा। आसमान में बादल तो छाए रहते हैं लेकिन पानी बरस नहीं रहा है। इसके चलते किसानी ठीक से शुरू नहीं हो पाई है। जून माह में छिटपुट बारिश ने थोड़ी राहत जरूर दी। लेकिन खेती के लिए यह पर्याप्त नहीं है।
किसानों की मानें तो खुर्रा बोनी के बाद 15 दिन वर्षा ना हो तो भी नुकसान नहीं होता। लेकिन इस वर्ष जमीन में काफी नमी है। धान बोने के बाद 5 दिन के अंदर पानी गिरना जरूरी है। नहीं तो मिट्टी में नमी के कारण धान अंकुरित होकर खराब होने की आशंका रहती है। अगर मौसम की अनिश्चितता इसी प्रकार बनी रही तो धान बीज के खराब होने की संभावना है।