महासमुन्द
उत्कल डीजे की धूम रही, गजामूंग प्रसाद का वितरण
महासमुंद, 8 जुलाई। महासमुंद नगर समेत अंचल में रविवार को रथयात्रा का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर महाप्रभु जगनाथ, बहन सुभ्रदा व बलराम ने रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण किया। साल में एक बार यह आयोजन होता है जिसमें भगवान अपने भक्तों को दर्शन देने आषाढ़ माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को निकलते है और बाहुड़ा यात्रा के रूप में देवशयनी एकादशी के दिन या पूर्व वापस अपने गर्भगृह में पहुंचते हैं।
श्रीराम जानकी मंदिर से मध्यान्ह पूजन के बाद तीनों प्रतिमाओं को जयघोष, शंखनाद के बीच रथ में आरुढ़ किया गया। इस दौरान ट्रस्ट कमेटी के पदाधिकारी, सदस्य, आमजन व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। नगर भ्रमण के दौरान महाप्रभु के दर्शन करने जनसैलाब उमड़ पड़ा था। नगरवासियों के अलावा आसपास से भी ग्रामीणजन काफी संख्या में पहुंचे थे। भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने भक्त उमड़े।
गांधी चौक, नेहरू चौक, स्वामी चौक, अंबेडकर चौक, महामाया मंदिर होते हुए महाप्रभु का रथ पुरानी बस्ती स्थित अमन.गौतम चंद्राकर के निवास में पहुंचकर रात्रि विश्राम हुआ।
इसके बाद अब अलग-अलग स्थानों पर महाप्रभु का रथ ले जाया जा रहा है। जहां विधि विधान से पूजन, भजन आयोजन के बाद बाहुड़ा यात्रा के रूप में पहुंचेगी। रथयात्रा में महाप्रभु के दर्शन के साथ ही मैत्री के प्रतीक गजामूंग का प्रसाद लेने लोग रूमाल, गमछा आदि रथ पर फेंककर लेते रहे। इसी तरह नगरवासियों ने महाप्रभु के दर्शन के साथ श्रीफल व यथायोग्य भेंट अर्पण करते रहे।
महासमुंद में गजामूंग प्रसाद वितरण के लिए करीब 7 क्विटल चना, मूंग व गुड़ की व्यवस्था की गई थी। जगन्नाथ पुरी में भगवान के महाप्रसाद को एक दूसरे को प्रदान कर मित्र बनाया जाता है। उसी तरह का भाव गजामूंग प्रसाद में भी है और लोग एक दूसरे को प्रदान कर मित्र की संज्ञा देते हंै। पुराने लोग आज भी गजामूंग बदने की याद दिलाने से नहीं चूकते।
रथयात्रा के आगे-आगे रामसत्ता का गुनगान करते भजन मंडली चली रही थी। वही उडिय़ा गीतों पर डीजे की धुन में लोग नाचते गाते रथ के आगे चल रहे थे। नगरपालिका अध्यक्ष रात्रि त्रिभुवन महिलांग ने बग्गा स्टोर्स के पास रथयात्रा व श्रद्धालुओं का सुगंधित जल की फुहार से अगुवानी की। वैसे श्रीराम जानकी मंदिर सुबह से ही दर्शन करने लोग उमड़ पड़े थे मंदिर स्थित सभी देवताओं में भीड़ लगी रही। सुबह मंगला आरती के बाद दर्शन का सिलसिला शुरू हुआ जो दोपहर तक चलता रहा।
रथयात्रा के नगर भ्रमण के दौरान दो-ढाई घंटे तक यातायात डायवर्ड करने के कारण गली मोहल्लों में यातायात का दबाव बढ़ गया था और शार्टकट के चक्कर में लोग ट्रैफिक में फंसते भी चले गए थे। पिछले 27 वर्षों महासमुंद में महज साढ़े 3 साढ़े 4 क्विंटल तक ही गजामूंग का प्रसाद बांटा जाता रहा है। लेकिन इस बार रिकॉर्ड ही टूट गया। मंदिर समिति ने इस बार साढ़े 8 क्विंटल गजा मूंग का प्रसाद बांटा। लोग प्रसाद पाने के लिए रुमाल थैली रथ पर फेंक रहे थे। जिसमें प्रसाद डालकर समिति के सदस्य वापस दे रहे थे।
रथयात्रा से पहले श्रीराम जानकी मंदिर में कल सुबह 5 बजे मंगल आरती कर भगवान को भात और चना, मूंग प्रसाद का भोग लगाया गया। मंगला आरती कर सैकड़ों लोगों ने भगवान का दर्शन किया गया। दोपहर 2 बजे श्रीराम जानकी मंदिर में भगवान की महाआरती की गई। बाद दोपहर 2 बजकर 30 मिनट पर रथ प्रस्थान किया गया। रथ गांधी चौक से नेहरू चौक, स्वामी चौक, अंबेडकर चौक, विठोवा चौक, नीलकंठ चौक, महामाया मंदिर चौक होकर क्लब पारा में रथयात्रा का परंपरानुसार समापन हुआ।