महासमुन्द
महासमुंद,7 जुलाई। शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 6व 7 जुलाई को राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन हेतु प्रशिक्षण बाबत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉ. अनसूया अग्रवाल के निर्देशन में हु्आ। महाविद्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण, मास्टर ट्रेनर डा.सीमा अग्रवाल शासकीय चंद्रपाल डडसेना महाविद्यालय पिथौरा, डा. ई पी चेलक, अजय कुमार राजा द्वारा दिया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. अनुसुइया अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का क्रियान्वन उच्च शिक्षा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उच्च शिक्षा से संबद्ध समस्त हितग्राहियों से अपील है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत सत्र 2024 .25 से प्रदेश में संचालित तीन चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम से संबंधित कोई भी प्रश्न जिज्ञासा हो तो ईमेल अथवा व्हाट्सएप नंबर 8982616484 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
मास्टर ट्रेनर डॉ. सीमा अग्रवाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के चरणबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि तीन चार वर्षीय बहु संकायी स्नातक पाठ्यक्रम है। समस्त पाठ्यक्रम क्रेडिट पर आधारित होने के साथ.साथ चॉइस बेस्ड क्रेडिट सिस्टम पर आधारित है।
सेमेस्टर का तात्पर्य प्रति 6 माह की अध्ययन अध्यापन अवधि है। किसी पाठ्यक्रम संदर्भित निर्धारित पाठ्य चर्चा का शैक्षणिक कार्य टीचिंग लर्निंगएवं उसके मूल्यांकन कार्य संपादन हेतु 6 माह का निर्धारण किया जाना है। जहां एक से अधिक सेमेस्टर में 15 सप्ताह या 90 दिवस शैक्षणिक कार्य टीचिंग लर्निंग किया जाना सुनिश्चित होता है।
डॉ. ई.पी.चेलक ने बताया की बहु प्रवेश एवं बहु निकास राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत ऐसा प्रावधान है। जिसमें विद्यार्थी निर्धारित पाठ्यक्रम में एक से अधिक बार प्रवेश एवं निकास कर सकता है। परंतु उसे स्नातक पाठ्यक्रम को 7 वर्ष की अवधि में पूर्ण करना होगा।
अजय कुमार राजा ने प्रशिक्षण देते हुए बताया कि इस नीति के अंतर्गत, बहुविषयक शिक्षा, वैचारिक समझ एवं नैतिक मूल्यों के साथ कौशल विकास को भी पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। विद्यार्थी को उत्तीर्ण होने के लिए आंतरिक एवं सेमेस्टर परीक्षा में कुल 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा। उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अजय कुमार देवांगन एवं आभार प्रदर्शन डा. रीता पांडेय ने किया।