महासमुन्द

तीन दिनों से मानसून सक्रिय, किसान रोपाई में जुटे
01-Jul-2024 7:01 PM
तीन दिनों से मानसून सक्रिय, किसान रोपाई में जुटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 1 जुलाई। तीन दिनों से जिले में मानसून सक्रिय है।  रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शाम को बारिश शुरू हुई। देर रात हल्की बारिश होती रही। बारिश की वजह से वातावरण में पूरी तरह नमी है। लोगों को उमस से भी काफी हद तक राहत मिली है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना है। इसके अलावा एक द्रोणिका मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडि़शा होते हुए खाड़ी तक बनी हुई है। जिसके असर से मौसम में बदलाव हुआ है। मौसम विभाग ने तीन जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना जताई है।      

गौरतलब है कि कुछ दिनों से मानसून जिले में सक्रिय है। वर्षा की गतिविधियों में इजाफा होने की संभावना व्यक्त की थी। पिछले तीन दिन से रुक-रुककर हो रही बारिश से गर्मी से राहत मिली है। तापमान में भी तीन-चार डिग्री सेल्सियस तक कमी आई है। महासमुंद का अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बारिश के साथ ही खेती कार्य में तेजी आई है। किसान रोपाई कार्य में व्यस्त दिख रहे हैं। खाद और बीज के उठाव में भी तेजी आई है। किसान समितियों में पहुंच रहे हैं और खाद और बीज ले रहे हैं। खरीफ सीजन में इस वर्ष भी ज्यादातर किसान धान की फसल लेंगे।


अन्य पोस्ट