महासमुन्द

मुस्लिम जमात ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
25-Jun-2024 2:44 PM
मुस्लिम जमात ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 जून। महासमुंद मुस्लिम जमात ने आरंग में मुस्लिम समाज के तीन युवाओं की हत्या के विरोध में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

मुस्लिम जमात जामा मस्जिद के सदर इशाक चौहान व गौसिया मस्जिद के सदर शकिल खान ने बताया  कि छत्तीसगढ़ के सामाजिक सद्भाव व धार्मिक एकता को बिगाडऩे के उद्देश्य से जानबूझकर कुछ दिन पूर्व महानदी पुल पर मुस्लिम समाज के तीन युवक को, जो अपने वाहन से जा रहे थे, असामाजिक तत्व के 20-25 लोगों ने अवैध तरीके से रोककर सामूहिक रूप से मारपीट की। दो लोगों को गंभीर हालत में महानदी पुल के ऊपर से नीचे फेंक दिये। इससे उनकी मौत हो गई, जबकि तीसरा भी मारपीट से गंभीर था और उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

मुस्लिम जमात का कहना है कि आरंग थाने में औपचारिकतावश सामान्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। उक्त घटना वास्तव में जानबूझकर की गई हत्या है। जबकि थाना आरंग में दर्ज उक्त अपराध में अपराधियों के विरूद्ध हत्या की धारा का अपराध दर्ज नहीं किया गया है। और न ही घटना के इतने दिनों के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। इससे मुस्लिम समाज में भारी रोष व्याप्त है।

मुस्लिम समाज का कहना है कि घटना के इतने दिनों के बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाने से पुलिस व प्रशासन की कार्रवाई में प्रश्न चिन्ह उत्पन्न हो रहा है। मुस्लिम समाज ने उक्त घटना के अपराधियों के विरूद्ध हत्या का मुकदमा कायम कर प्रकरण की मांग की गई।


अन्य पोस्ट