महासमुन्द

नर्रा राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन शिविर में 137 की जांच में 9 पॉजिटिव
21-Jun-2024 7:08 PM
नर्रा राष्ट्रीय सिकलसेल एनीमिया उन्मूलन शिविर में 137 की जांच में 9 पॉजिटिव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 जून। बागबाहरा के ग्राम नर्रा में राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत शिविर लगाकर 137 लोगों की जांच की गई। जिनमें 9 पॉजिटिव  पाए गए हैं। आरएचओ डिलेश्वरी परमार ने बताया कि हीमोग्लोबिन हमारे शरीर में सभी कोशिकाओं तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचाने का काम करता है, लेकिन सिकल सेल रोग में यह काम बाधित हो जाता है। पीढ़ी दर पीढ़ी चलने वाले इस रोग में गोलाकार लाल रक्तकण हंसिए के रूप में परिवर्तित होकर नुकीले और कड़े हो जाते हैं। ये रक्त कण शरीर की छोटी रक्त वाहिनी में फंसकर लिवर, तिल्ली, किडनी, मस्तिष्क आदि अंगों के रक्त प्रवाह को बाधित कर देते हैं।

आरएचओ डिगेन्द्र परमार ने बताया कि भूख न लगना, खून की कमी से उत्पन्न एनीमिया, हल्का एवं दीर्घकालीन बुखार रहना, थकावट, त्वचा एवं आंखों में पीलापन, बार बार पेशाब आना व मूत्र में गाढ़ापन, तिल्ली में सूजन, वजन और ऊंचाई सामान्य से कम, हाथ पैरों में सूजन, सांस लेने में तकलीफ, हड्डियों और पसलियों में दर्द सिकलसेल के ये लक्षण हंै। उन्होंने बताया कि विवाह के पूर्व जन्म कुंडली मिलान करने से ज्यादा  सिकल सेल कुंडली का मिलान करना जरूरी है। जिससे की आने वाली पीढ़ी को सिकल सेल रोग होने से बचाया जा सके।

उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को सिकल सेल रोग हो गया है तो घबराने की जरूरत नहीं है। व्यवहार में उचित बदलाव के साथ गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है। अधिक मात्रा में पानी का सेवन करें, फाइबर एवं रेशेदार आहार लें, तेल और वसायुक्त, मसालेदार खाद्य पदार्थों  से परहेज करें, अधिक प्रोटीनयुक्त आहार लें, नियमित योग करें, नियमित स्वास्थ्य जांच कराएं।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर आपने अपनी सिकलसेल की जांच नहीं कराई है तो अपने नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र में जाकर सिकलसेल की जांच जरूर कराएं। सिकल सेल जांच एवं परामर्श सभी शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों में नि:शुल्क उपलब्ध है। शिविर में नर्रा के सरपंच गोपाल किशन पटेल द्वारा हितग्राहियों को सिकल सेल जेनेटिक कार्ड वितरण किया है।


अन्य पोस्ट