महासमुन्द

अपह्नत बालक खल्लारी रेलवे स्टेशन के बाहर से बरामद
21-Jun-2024 2:42 PM
अपह्नत बालक खल्लारी रेलवे स्टेशन के बाहर से बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 21 जून। बीते 16 जून को महासमुंद मौहारीभांठा से लापता बालक को कोतवाली थाना और सायबर सेल टीम ने खल्लारी रेलवे स्टेशन के बाहर बरामद किया है।

     पुलिस के अनुसार 16 जून को प्रार्थी नीलकमल ध्रुव  मौहारीभांठा महासमुंद ने थाना सिटी कोतवाली महासमुंद में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका नाबालिग ममेरा भाई उम्र 11 वर्ष 08 माह निवासी मौहारीभांठा महासमुंद 16 जून की सुबह करीब 11 बजे बिना बताये कहीं चला गया है जो अब तक घर नहीं आया है। परिवार को संदेह था कि बालक को किसी अज्ञात आरोपी ने बहला-फुसलाकर अपहरण कर लिया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना महासमुंद में अपराध धारा 363 भादवि पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने अपह्नत बालक की तलाश करने 4 पुलिस टीम का गठन किया। प्रत्येक टीम को अलग-अलग कार्यों का नेतृत्व दिया गया। आदेश मिलते ही सभी टीम अलग-अलग दिशाओं में सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी सहायता के मदद से नाबालिग बच्चे एवं अज्ञात आरोपी के बारे में जानकारी एकत्र करना शुरू किया।

विवेचना के दौरान पुलिस की टीम घटनास्थल से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक का सीसीटीवी फुटेज चेक करते हुए खल्लारी पहुंची। जहां अपह्नत बालक का फोटो दिखाकर तथा सीसीटीवी फुटेज चेक करते हुए पतासाजी की गई। पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त बालक को खल्लारी रेलवे स्टेशन के आस पास देखा गया है। मौके पर जाकर पुलिस की टीम ने बालक को खल्लारी रेलवे स्टेशन के बाहर से बरामद किया।

 पुलिस की टीम ने बच्चे को सही सलामत बरामद कर उसके माता-पिता के सुपुर्द किया है। आगे की विवेचना जारी है।

कल दोपहर एक पत्रकारवार्ता  में एडिशनल एसपी प्रतिभा पांडे ने बताया कि घटना स्थल से बच्चे ने सायकल से जिस-जिस रास्ते का प्रयोग किया गया, वहां-वहां सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया। महासमुंद शहर के आम नागरिकों के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया। इस तरह अपहरण हुए बच्चे को ढूंढने में सहायता मिली।

               महासमुंद पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि शहर ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक अच्छी क्वालीटी का सीसीटीवी कैमरा लगवाएं तथा अपने वाहनों के आगे व पीछे नम्बर प्लेट में अच्छी तरह से नम्बर लिखवाना सुनिश्चित करें। ताकि होने वाले गंभीर अपराधों को आम जनता की सहायता से रोका जा सके।


अन्य पोस्ट