महासमुन्द
ग्रामीणों ने दी धरना की चेतावनी
महासमुंद, 21 जून। ग्राम पंचायत पिपरौद सरपंच के खिलाफ ग्रामीणों ने कुछ दिन पहले शिकायत की और उनकी शिकायत के बाद भी प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किये जाने पर ग्रामीणों ने 5 जुलाई को धरना देने की चेतावनी दी है। उन्होंने अधिकारियों को इसकी सूचना दी है।
ग्रामीणों ने सूचना पत्र में कहा है कि आगामी 5 जुलाई से ग्रामवासी जनपद पंचायत पिथौरा के सामने अनिश्चितकालीन धरना देंगे। इस संबंध में आवेदक त्रिलोचन, घनश्याम, चित्रसेन, भोजराम, सन्नू, विश्वनाथ के अलावा ओमप्रकाश पटेल समेत ग्रामवासियों ने अपने हस्ताक्षर युक्त पत्र में बताया है कि पिपरौद महिला सरपंच ने अपने ससुर के साथ मिलकर पंचायत राशि की जमकर गड़बड़ी की है।
इस मामले में ओमप्रकाश पटेल, दल भजन पटेल ग्राम लोहरीन डोंगरी ग्राम पंचायत पिपरौद निवासी द्वारा पूर्व में 18 मार्च को कलेक्टर के अलावा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पिथौरा को 8 अप्रैल को एक आवेदन दिया था। उक्त दोनों आवेदनों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
लिहाजा विधायक बसना, एसपी, कलेक्टर, जिपं सीईओ, तहसीलदार पिथौरा, टीआई पिथौरा, जनपद पिथौरा सीईओ आदि को पत्र देकर दो सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं किये जाने पर 5 जुलाई को धरना देने की चेतावनी दी गई है।