महासमुन्द
महासमुंद, 21जून। महासमुंद कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए लाइवलीहुड कॉलेज प्रबंधन को घर-घर दस्तक देकर युवाओं को ढूंढऩा पड़ रहा है। क्योंकि आगामी दिनों में नया बैच शुरू होने वाला है और प्रशिक्षण में दिलचस्पी नहीं होने से युवा आगे नहीं आ रहे हैं। कॉलेज के कर्मचारी युवाओं के घरों में पहुंचकर प्रशिक्षण के फ ायदे भी बता रहे हैं।
कुछ महीने पहले लाइवलीहुड कॉलेज प्रबंधन द्वारा दुकानों का भी सर्वे किया गया था। बरोजगारी भत्ता प्राप्त करने वाले युवाओं को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा था। प्रदेश सरकार बदलने के बाद भत्ता और प्रशिक्षण भी बंद हो गया है। युवाओं को अब प्रशिक्षण नहीं मिल रहा है।
इस पर कौशल विभाग विभाग के उप संचालक ने बताया कि कुछ कोर्स पूर्ण हुए और कुछ पर युवाओं के नहीं आने से असर पड़ा है। दुकानों में रिक्त पद और बाजार में किस तरह के जॉब उपलब्ध है, की जानकारी जुटाई गई है। क्योंकि मार्केट के डिमांड के आधार पर ही प्रशिक्षण का आयोजन किया जाएगा। जिले में 18 से 45 वर्ष तक के युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के लिए कौशल प्रदान किया जाना है। इसके तहत कार ड्राइविंगए ब्यूटी पार्लर,सिलाई, मोबाइल फोन हार्डवेयर रिपेयर, असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन और केयर गिवर, मशरूम उत्पादन के लिए नया बैच प्रारंभ होना है।
लेकिन लाइवलीहुड कॉलेज को नया बैच शुरू करने के लिए 18 से 45 उम्र के युवा नहीं मिल रहे हैं। वर्तमान में सिलाई और कम्प्यूटर का प्रशिक्षण चल रहा है। जिसमें 139 युवा ही प्रशिक्षण ले रहे हैं। 2018 से 2021 तक कोरोना वायरस संक्रमण के कारण लाइवलीहुड कॉलेज में प्रशिक्षण प्रभावित हुआ। 2022 में प्रशिक्षण शुरू हुआ। उसके बाद से ही बैच शुरू करने के लिए युवा बड़ी मुश्किल से मिल रहे हैं।
इस कारण युवाओं को प्रशिक्षण के लिए तैयार करने कर्मचारियों को घर-घर दस्तक देना पड़ रहा है। कौशल विकास विभाग के उपसंचालक अशोक साहू ने बताया कि बिरकोनी और आसपास गांवों में घर-घर जाकर युवाओं को प्रशिक्षण व नया बैच शुरू करने की जानकारी दी जा रही है। घर-घर जाने से युवा जुड़ भी रहे हैं। शीघ्र ही नया बैच का कौशल विकास प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
गौरतलब है कि कोरोना काल के बाद से ही कौशल प्रशिक्षण के लिए संस्थाएं आगे नहीं आ रही हैं। जिसके चलते संस्थाओं को भी जुडऩे के लिए अपील की जा रही है। 2020 से पहले कई संस्थाएं विभिन्न प्रशिक्षण का आयोजन करती थी। लेकिन कोरोना के बाद कुछ संस्थाएं बंद हो गईं, तो कुछ संस्थाओं ने हाथ पीछे खींच लिए।
कौशल विकास विभाग के उपसंचालक अशोक साहू ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना के तहत प्लंबर कोर्स, प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत ब्लाउज मेंकिंग, बम्बू बेस्ड बास्केट मेकिंग में भी नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाना है। जिसका नया बैच प्रारंभ करने के लिए गांव-गांव जाकर संपर्क किया जा रहा है। इन्हें स्वरोजगार स्थापित करने के लिए भी सहायता विभाग की ओर से प्रदान की जाएगी।