महासमुन्द

जलकर नहीं पटाने वाले बकायदारों की सूची बन रही
20-Jun-2024 3:52 PM
जलकर नहीं पटाने वाले बकायदारों की सूची बन रही

महासमुंद, 20 जून। जलकर नहीं पटाने वाले बकायदारों की कुंडली तैयार करने नगर पालिका प्रशासन डोर टू डोर सर्वे कर रही है। सर्वे के दौरान फर्जी तरीके से लगे नल कनेक्शन काटे जाएंगे। साथ ही बकायदारों को शीघ्र जलकर जमा करने प्रेरित किया जाएगा। इसके बाद भी जलकर जमा नहीं नोटिस देने के उपरांत कार्रवाई की जावेगी।

मालूम हो कि जलकर वसूलते-वसूलते पालिका कर्मचारी थक चुुके हैं। पालिका के जल विभाग से मिली जानकारी के अनुसार शहर में 8 हजार से अधिक नल कनेक्शनधारियों से पालिका को पूर्व बकाया मिलाकर कुल 4 करोड़ रुपए की वसूली शेष है। सामान्य नल कनेक्शनधारियों के अलावा भागीरथी योजना के नल कनेक्शनधारी भी महज 60 रुपए भुगतान नहीं कर रहे हैं। फलस्वरूप पालिका इन बकायादारों की सूची तैयार कर कार्रवाई की तैयारी में हैं।

विभागीय जानकारी अनुसार पालिका क्षेत्र में 8 हजार 291 नल कनेक्शन में सामान्य 5 हजार 425 कनेक्शन और 2 हजार 866 भागीरथी कनेक्शन हैं। शहर में नल कनेक्शन की वर्तमान व पिछला मिलकर पालिका को 4 करोड़ की वसूली करनी है। अनियमितता व जलकर न देने वालों का डाटा तैयार करने के लिए पालिका की टीम डोर-टू-डोर पहुंच रही है। नल कनेक्शनधारियों से जानकारी ली जा रही है कि कनेक्शन किनके नाम पर है, कनेक्शन कब मिला, कब से जल कर नहीं दिया है। साथ ही उनके कार्ड भी चेक कर रही है। जिससे जल कर भुगतान संबंधी आंकड़ों की पुष्टि हो सके। पहले ही करीब 2.67 करोड़ रुपए उपभोक्ताओं ने जमा नहीं किया है। पालिका इसमें से केवल 3.25 लाख वसूल पाई है जो कुल बकाया का महज 1.21 प्रतिशत है। वहीं अब इस वित्तीय वर्ष में पालिका को करीब 1.32 करोड़ रुपए जलकर के रूप में वसूलना बाकी है।


अन्य पोस्ट