महासमुन्द
महासमुंद, 19 जून। राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 353 स्थित आंवराडबरी से महज दो किलोमीटर दूर ग्राम बोईरगांव में ग्रेनाइट पत्थर की पहाड़ी पर पाण्डुवंशी भगवान भीम की 25 फ ीट ऊंची प्रतिमा स्थापित है। जहां प्रतिवर्ष अनुसार कल भी भीमसेनी एकादशी पर मेला का आयोजन किया गया। इस दफे सोमवार को भीमसेनी एकादशी पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। मड़ई-मेला में शाम होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण व क्षेत्रवासियों की भीड़ उमड़ी जो देर रात तक चली।
भगवान भीम के जयकारे से आयोजन स्थल देर रात तक गूंजता रहा। इसके अलावा मेले में बाहर के छोटे-बड़े व्यवसायियों के आलावा स्थानीय व क्षेत्रीय लोग भी दुकान लगाते नजर आये। इस दौरान लोगों द्वारा किस्म-किस्म की मिठाई जलेबी, लड्डू, पेड़ा,बतासा,बड़ा,भजिया, गुपचुप, चाट, आईसक्रिम सहित बच्चों के खिलौने व फैंसी कपड़े आदि विभिन्न प्रकार के दैनिक उपयोग के समाग्रियों की खरीदी की गई।
रात्रि में यहां गांव के प्रमुख चौक में ओडि़शा के लोक कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी नाचा की प्रस्तुति दी गई। ग्रामीण नंदकुमार निषाद ने बताया कि पर्व को देखते हुए पहाड़ी और नीचे मेला स्थल पर बिजली की व्यवस्था के लिए ग्रामीणों के सहयोग से जनरेटर की व्यवस्था से की गई थी।
पहाड़ी की उंचाई सौ फिट से अधिक है। जो 30 एकड़ 22 डिसमिल 12.09 हेक्टर में फैली हुई है। इस प्रचंड गर्मी को देखते हुये करीब एक किलोमीटर दूर खेत के बोर से पाईप के माध्यम से मेला स्थल पर लोगों के लिए पानी की भी व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से पुलिस बल भी तैनात थे।