महासमुन्द

तोरेसिंहा में कॉलेज खुलवाने सांसद को पत्र
19-Jun-2024 3:31 PM
तोरेसिंहा में कॉलेज खुलवाने सांसद को पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,19 जून। ग्राम तोरेसिंहा सहित आसपास के अनेक गांवों के विद्यार्थियों को हायर सेकेण्डरी की पढ़ाई के बाद आगे की शिक्षा के लिए बहुत अधिक दूरी तय कर कॉलेज जाना पड़ता है। जिसे देखते हुए ग्रामवासियों के द्वारा सांसद रूपकुमारी चौधरी से तोरेसिंहा में शासकीय महाविद्यालय खुलवाने की मांग की गई है।

ग्राम तोरेसिंहा के राजकुमार पटेल,सुरेश कर,क्षिरोद्र चौधरी,दिव्य किशोर मेहेर,आशाराम भोई, युधिष्ठिर भोई, सनातन मेहेर,महिपाल प्रधान, कमलेश भोई, कामपाल प्रधान, सतीश साहू, अरुण प्रधान, घनश्याम चौधरी, डॉ अभिलाष प्रधान, हरिशंकर भोई, सेवाराम भोई, विनय पटेल, दुर्वादल मेहेर, शिशुपाल यादव, चिंतामणि नायक, जुगेश्वर नायक, तुलाराम भोई, गोकुल कुमार प्रधान आदि अनेक ग्रामवासियों ने सांसद को दिए पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम तोरेसिंहा में विगत 20 वर्षों से शासकीय हाई स्कूल एवं 15 वर्षों से हायर सेकेंडरी स्कूल भी संचालित हो रहा है। तोरेसिंहा सहित आसपास के अनेक गांव जिसमें भुथिया, सिरबोड़ा, कुसमीसरार, तोषगांव, केलेंडा आदि के विद्यार्थी हायर सेकेंडरी के बाद आगे की पढ़ाई के लिए सरायपाली अथवा बलौदा कॉलेज जाते हैं।

जिसके लिए उन्हें बहुत अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। अधिक दूरी होने के कारण कई छात्र-छात्राएं तो आगे की पढ़ाई भी छोड़ देते हैं। जिसे देखते हुए समस्त ग्रामवासियों के द्वारा तोरेसिंहा में शासकीय महाविद्यालय खोले जाने की मांग की जा रही है।

यहां महाविद्यालय खोला जाता है तो आसपास के सभी ग्रामों के हायर सेकेंडरी उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं को महाविद्यालय में पढऩे का लाभ मिलेगा तथा अधिक दूरी भी तय करनी नहीं पड़ेगी। ग्रामीणों ने यह भी उल्लेख किया है कि ग्राम तोरेसिंहा की ओर से महाविद्यालय के लिए 15 एकड़ जमीन भी सुरक्षित रखा गया है। अत: समस्त ग्रामवासियों के द्वारा सांसद को उक्त परिस्थितियों से अवगत कराते हुए शासकीय महाविद्यालय खुलवाने की मांग की गई है। ताकि पढऩे के इच्छुक छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिल सके।


अन्य पोस्ट