महासमुन्द
महासमुंद,18 जून। महासमुंद शहर में 8 हजार से अधिक नल कनेक्शनधारी हैं। जिनसे नगर पालिका को 4 करोड़ जल कर वसूलना है। लंबे समय से जलकर भुगतान नहीं किए जाने के बाद पालिका प्रशासन ने जब शहर में सर्वे किया तो यह आंकड़ा सामने आया है। इनमें सामान्य के अलावा भागीरथी नल कनेक्शन धारी भी शामिल हैं। जिन्हें महीने में महज 60 रुपए कर चुकाना होता है। जबकि सामान्य आवासीय जलकर 180 रुपए हैं। पालिका को शहरवासियों से इस वर्ष 1.32 करोड़ रुपए जलकर वसूलना है। वहीं पुराना बकाया 2.67 करोड़ की वसूली करनी है। जिसमें मात्र 3.25 लाख रुपए ही वसूली हो पाई है।
मालूम हो कि पालिका क्षेत्र में 8 हजार 291 नल कनेक्शन धारी है। जिसमें सामान्य नल कनेक्शन 5 हजार 425 और भागीरथी कनेक्शन 2 हजार 866 है।
इन्हें पालिका गर्मी के दिनों में तीन टाइम पानी दे रही है। अब लोगों से जलकर वसूलने पालिका शहर में घर-घर पहुंच रही है। लोगों से जलकर वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है।