महासमुन्द
महासमुंद,18जून। आज सुबह से हल्की हवाएं चल रही हैं। तेज धूप के चलते लोग गर्मी से हलाकान हैं और सभी को बारिश का इंतजार है।
सोमवार को मौसम विभाग के अनुमान के विपरीत दिनभर तेज धूप रहा। बीच-बीच में बादल छाए रहे और लोग गर्मी उमस से हलाकान रहे। इससे पहले रविवार को दिन भर बादल छाए रहे। इससे तेज धूप से लोगों को जरूर राहत मिली लेकिन अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज की गई। जानकारी अनुसार प्रदेश में उत्तर बस्तर में मानसून की दस्तक हो चुकी है। लेकिन एक सप्ताह से ज्यादा हो चुका है, मानसून ने महासमुंद में दस्तक नहीं दी है। प्रत्येक साल सामान्यत: मानसून 14 से 18 जून को जिले में प्रवेश करता है। पिछले वर्ष 24 जून को मानसून पहुंचा था। इस बार भी जिले में मानसून देर से पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने 17 जून से लगातार तापमान में कमी आने की संभावना व्यक्त की है।लोग अंदाजा लगा रहे हैं कि अगले 5-6 दिनों में प्रदेश के कई जिलों में मानसून की दस्तक हो जाएगी जिसमें महासमुंद जिला भी शामिल है। इसके बाद तापमान में कमी और अंधड़ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि उमस की समस्या बनी रहेगी। मौसम विभाग की मानें तो सप्ताहभर पहले से बता दें पिछले माह भर से अंधड़ या मामूली बारिश होने पर बिजली गुल की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों को गर्मी की वजह से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग की माने तो सप्ताहभर पहले से छत्तीसगढ़ में मानसून ने दस्तक दे दी है। लेकिन अभी प्रदेश में मानसून सक्रिय नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर के अलावा सुकमा, बीजापुर, धमतरी, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा और बिलासपुर जिले में आंधी.तूफान के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही बताया है कि इस दौरान कई जगहों पर आसमान से बिजली गिरने और मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। एक जून से अब तक महामसुंद विकासखंड में 30 मिमी, सरायपाली में 38.4, बसना में 15.0, पिथौरा में 34, बागबाहरा में 18 और कोमाखान में 11 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले में इस वर्ष औसत वर्षा का अनुमान 993.3 मिमी है। तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। सुबह बदली छाई रहती है। इसके बाद दोपहर में धूप खिली रहती है।