महासमुन्द

कल नहीं खुले नल, टैंकरों से शहर में जलापूर्ति के बाद सुबह राहत मिली
14-Jun-2024 9:06 PM
कल नहीं खुले नल, टैंकरों से शहर में जलापूर्ति के बाद सुबह राहत मिली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 14 जून। चौबीस घंटों के बाद नलों में पीने का पानी आज सुबह आया। कल शहर की टंकियों में जल भराव नहीं होने की वजह से आधे शहर में जलापूर्ति नहीं हो सकी थी।

फलस्वरूप पालिका प्रशासन टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करने प्रयास करता रहा। नल नहीं खुलने की वजह से पटरीपार इलाके में दिन भर निस्तारी पेयजल संकट बना रहा। आज नलों में पानी आने के बाद लोगों ने चैन की सांसें ली।       मिली जानकारी के अनुसार शहर के 33 केवी फीडरों में लगातार मेंटेनेंस कार्य जारी है। परसों बुधवार को पीटियाझर तथा नयापारा में मेंटेनेंस कार्य को लेकर बिजली गुल की गई थी। जिसके चलते टंकियां नहीं भर सकी थी। कल भी अनेक मोहल्लों में जल आपूर्ति बाधित रही। फलस्वरूप शहर की अनेक टंकियों में जल भराव नहीं हो सका। कई लोगों को पीने के लिए पानी की व्यवस्था करने के लिए अपने जॉब से एक दिन ब्रेक लेना पड़ा। अनेक धंधा करने वाले कल विलंब से धंधे पर निकले।

मिली जानकारी के अनुसार बरसात के दिनों में विद्युत आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए शहर में विभाग द्वारा मेंटनेंस किया जा रहा है। यह कार्य आगामी 19 जून तक और चलेगा। जिसके लिए विद्युत विभाग ने सूचना जारी की है।

विभागीय कर्मियों द्वारा लूज प्वाइंट, इंसुलेटर, ट्रांसफॉर्मर की जांच, केबल व तारों की जांच की जाती है जो भी चीजें खराब होने की स्थिति में रहती है उसे बदला जाता है साथ ही विद्युत सप्लाई संबंधी सभी चीजों का रखरखाव किया जाता है।


अन्य पोस्ट